टीएसएच में पिकलबॉल डे: एक लाख रुपये का इनाम और रोमांचक मुकाबले

0
51

कानपुर। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में हाल ही में आयोजित पिकलबॉल डे इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रदेश में पहली बार पिकलबॉल प्रतियोगिता में एक लाख रुपये का नकद इनाम खिलाड़ियों को प्रदान किया गया, जो टीएसएच की ओर से दिया गया।

इतनी बड़ी पुरस्कार राशि ने प्रतियोगिता की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई प्रदान की और खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह व प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। आयोजन स्थल पर खेल प्रेमियों और अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण उत्सव जैसा नजर आया।

प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व की थीम पर किया गया, जिसका उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव देना था। कानपुर में पिकलबॉल के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह आयोजन खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित हुआ।

मुंबई से आए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वैभव वावडे ने युवा प्रतिभाओं को किया प्रेरित

इस अवसर पर मुंबई से आए अंतरराष्ट्रीय पिकलबॉल खिलाड़ी एवं रेफरी वैभव वावडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वैभव वावडे देश के अग्रणी पिकलबॉल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने एशियाई खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अनुभव अर्जित किया है।

एक खिलाड़ी के साथ-साथ वे प्रमाणित रेफरी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिकलबॉल तेजी से उभरता हुआ खेल है और यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन व अवसर मिलें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

उन्होंने टीएसएच की पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगी।

कार्तिके गर्ग दोहरे चैंपियन, इशिता कनोडिया भी विजेता

पुरुष युगल मुकाबले में कार्तिके गर्ग और राघव भाटिया को स्वर्ण पदक, सत्यन अरोड़ा और ध्रुव मलिक को रजत पदक, दिव्य तुलसानी व विमान्यु अग्रवाल तथा अमल गुप्ता व एकांश मित्तल को कांस्य पदक मिला।

महिला युगल मुकाबले में इशिता कनोडिया और राशिका अग्रवाल को स्वर्ण पदक, निधी कनोडिया और अनुभूति गुप्ता को रजत पदक, माला सिंह और सीमा सक्सेना को कांस्य पदक मिला। युवा वर्ग के एकल मुकाबले में कार्तिके गर्ग को स्वर्ण पदक, मनू भरतिया को रजत पदक, दिव्य तुल्स्यान और हरजस सिंह को कांस्य पदक मिला।

पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट कौशल, बेहतर तालमेल और अनुशासन का परिचय दिया। मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और कई मैच अंतिम अंकों तक संघर्षपूर्ण बने रहे। आयोजन समिति ने विजेताओं को पदक और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here