विजय हजारे ट्रॉफी : ईशान, गनी और सूर्यवंशी के बल्ले से आई सुनामी, विराट, रोहित और पडिक्कल भी छाए

0
59

देश भर में चल रही विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में आज बल्ले से जलजला उठा, जिसमें कई रिकॉर्ड बह गए। इस दौरान गेंदबाज सहमे-सहमे से दिखे। तूफानी पारियों से कुछ रिकॉर्ड टूटे और कुछ खिलाड़ी बड़े रिकॉर्ड के करीब भी पहुंचे। बिहार के शकीबुल गनी (नाबाद 128), वैभव सूर्यवंशी (190) और झारखंड के ईशान किशन के बल्लों से रिकॉर्ड तोड़ शतक निकले तो वहीं कर्नाटक के लिए देवदत्त पडिक्कल (147), दिल्ली के लिए विराट कोहली और मुंबई के लिए रोहित शर्मा (155) ने तूफानी शतक जड़ बुधवार को खास बना दिया।

सबसे तेज शतक के टूटते गए रिकॉर्ड

इस टूर्नामेंट के प्लेट ग्रुप में बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेले गए मुकाबले में लिस्ट-ए क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड बना। बिहार की टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 574 रनों का स्कोर खड़ा कर इतिहास रच दिया। वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से 84 गेंदों में 190 रनों की पारी देखने को मिली, तो वहीं आयुष लोहारुका ने 116 रनों की पारी खेली। इस पारी में एक के बाद एक रिकॉर्ड टूटे।

सबसे पहले वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से हुआ विस्फोट
पहले तो सिर्फ 36 गेंदों पर वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट ए मैचों में दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा और फिर कुछ ही देर बाद सिर्फ 32 गेंदों पर शतक जड़कर बिहार के कप्तान शकीबुल गनी ने लिस्ट ए का सबसे तेज शतक जड़ दिया। गनी ने सिर्फ 40 गेंदों में 128 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके कुछ ही घंटे बाद ईशान किशन ने सिर्फ 32 गेंदों पर शतक जड़ लिस्ट ए में सबसे तेज शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया। अभी तक सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अनमोल प्रीत सिंह (35 गेंद) का था।

बिहार ने समरसेट के रिकॉर्ड को तोड़ा
बिहार के गेंदबाजों का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की पारी को 42.1 ओवर्स में सिर्फ 177 रनों के स्कोर पर समेटने के साथ मुकाबला 397 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। वहीं बिहार ने इस जीत के साथ एक बड़ा कारनामा भी किया। बिहार की टीम को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में मिली 397 रनों की बड़ी जीत, लिस्ट-ए क्रिकेट इतिहास में अभी तक रनों के अंतर से दर्ज की गई दूसरी सबसे बड़ी जीत है।

पहले नंबर पर तमिलनाडु की टीम
इस लिस्ट में पहले नंबर पर तमिलनाडु की टीम है, जिसमें उन्होंने साल 2022-23 की विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश की टीम के खिलाफ 435 रनों के अंतर से जीत दर्ज की थी, जिसमें उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 506 रनों का स्कोर बनाया था तो वहीं अरुणाचल की टीम को सिर्फ 71 रनों के स्कोर पर समेट दिया था। वहीं इसके बाद अब लिस्ट में बिहार की टीम का नाम आ गया है, जिन्होंने समरसेट की टीम का 35 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने साल 1990 में डेवोन की टीम के खिलाफ 346 रनों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

यूपी की जीत में जीशान अंसारी चमके
राजकोट में खेले गए एक अन्य मुकाबले में जीशान अंसारी की शानदार गेंदबाजी से यूपी ने हैदराबाद को 84 रनों से हराया। आईपीएल 2026 के ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने जिस अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी प्रशांतवीर को लेने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए, उसने विजय हजारे ट्रॉफी के अपने डेब्यू मुकाबले में गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लिए। इंडियन प्रीमियर लीग के साल 2026 में खेले जाने वाले 19वें सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी प्रशांत वीर को 14 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा है।

प्रशांतवीर ने डेब्यू मैच में लिए 3 विकेट
अब प्रशांत ने लिस्ट-ए क्रिकेट में अपना डेब्यू मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए यूपी को हैदराबाद के खिलाफ मैच में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 10 ओवर्स में 47 रन देने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए। प्रशांत ने इसमें से हैदराबाद के 2 खिलाड़ियों को जहां बोल्ड किया तो वहीं एक प्लेयर का विकेट स्टंपिंग के जरिए हासिल किया। हालांकि इस मैच के हीरो रहे जीशान अंसारी, जिन्होंने हैदराबाद के 4 विकेट सिर्फ 31 रन देकर लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया

रिंकू सिंह ने बल्लेबाजी में दिखाई शानदार फॉर्म
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम में शामिल रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश टीम की कप्तानी कर रहे हैं, जिसमें हैदराबाद के खिलाफ मैच में उनके बल्ले से 48 गेंदों में शानदार 67 रनों की पारी देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और दो छक्के भी लगाए। यूपी ने इस मैच में हैदराबाद के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक गोस्वामी (81), आर्यन जुयाल (80) और ध्रुव जुरैल (80) की शानदार पारियों की मदद से 50 ओवर्स में 5 विकेट पर 324 रन बनाए। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम को 43 ओवरों में 240 रनों पर समेट दिया। उत्तर प्रदेश की टीम अब अपना अगला मुकाबला ग्रुप-ए में चंडीगढ़ की टीम के खिलाफ 26 दिसंबर को राजकोट के स्टेडियम में खेलने उतरेगी।

विराट कोहली के बल्ले से निकला शतक
विराट कोहली इस वक्त विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे हैं, यहां उन्होंने एक और शतक ठोक दिया है। इसके साथ ही उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर एक और कदम बढ़ा दिया। कोहली ने 83 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। बेंगलुरू में दिल्ली के खिलाफ आंध्र प्रदेश ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रिकी भुई (122) के शतक की मदद से आठ विकेट पर 298 रनों का स्कोर खड़ा किया था। मीडियम पेसर सिमरजीत सिंह ने 5 और प्रिंस यादव ने 3 विकेट लिए। इसके बाद जब दिल्ली के सलामी बल्लेबाज अर्पित राणा को जब नीतीश कुमार रेड्डी ने बिना खाता खोले ही चलता किया तो विराट कोहली को जल्द ही बल्लेबाजी के लिए आना पड़ गया।

विराट कोहली पारी जमाने के बाद आक्रामक हुए
विराट कोहली आराम से बल्लेबाजी कर रहे थे, क्योंकि सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या आक्रामक अंदाज में रन जोड़ रहे थे। प्रियांश ने 44 बॉल पर 74 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के व 7 चौके शामिल हैं। उधर जैसे-जैसे विराट कोहली क्रीज पर जमते जा रहे थे, उनकी पारी भी तेज होती जा रही थी। कोहली ने 101 गेंदों पर 3 छक्के व 14 चौकों की मदद से 131 रन बनाए।

लिस्ट ए क्रिकेट में कोहली पहुंचे सचिन तेंदुलकर के करीब
इस शतक के साथ ही विराट कोहली सचिन तेंदुलकर के एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले 50 ओवर के होते हैं, इसलिए इसे लिस्ट ए में माना जाता है। लिस्ट ए में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भारत के सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने यहां 60 शतक लगाए हैं। इससे पहले तक कोहली के 57 लिस्ट ए शतक थे, लेकिन अब उनकी 58 लिस्ट ए सेंचुरी हो गई हैं। यानी सचिन तेंदुलकर का विश्व रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें यहां से तीन ही और शतक चाहिए है। इस लिस्ट में इंग्लैंड के दिग्गज रहे ग्राहम गूच तीसरे नंबर पर हैं, जिनके नाम 44 शतक हैं।

कर्नाटक ने 13 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा

विजय हजारे ट्रॉफी में पहले बिहार की टीम ने टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत हासिल की तो वहीं अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कर्नाटक की टीम ने सबसे ज्यादा रनों का पीछा करते हुए जीत हासिल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। झारखंड और कर्नाटक की टीम के बीच ग्रुप-ए का मुकाबला खेला गया। इस मैच में झारखंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान ईशान किशन की 125 रनों की शतकीय पारी के दम पर 50 ओवर्स में 412 रनों का स्कोर बनाया था। इसके बाद कर्नाटक की टीम ने इस लक्ष्य को 47.3 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। कर्नाटक की तरफ से देवदत्त पडिक्कल ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई जिसमें उन्होंने 147 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

रोहित शर्मा ने जड़ा धमाकेदार शतक
विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित शर्मा ने मैदान पर उतरते ही चौकों व छक्कों की बारिश करते हुए एक और शतक ठोक दिया। विजय हजारे ट्रॉफी में सिक्कम के खिलाफ उन्होंने केवल 62 गेंदों पर शतक ठोक दिया। उन्होंने अपनी 155 रनों की पारी के दौरान 94 गेंदों का सामना किया और 9 छक्के व 18 चौके जड़े। इस मैच में मुंबई ने 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। सिक्किम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 236 रन बनाए, जिसके जवाब में मुंबई ने जीत के लिए जरूरी रन रोहित शर्मा के विस्फोटक शतक की मदद से 30.3 ओवर में ही 2 विकेट खोकर हासिल कर लिए।

रोहित शर्मा बिल्कुल भी दबाव में नहीं दिखे
विजय हजारे ट्रॉफी का आगाज हो गया है। मुंबई का मुकाबला सिक्कम से हो रहा है। इसमें रोहित शर्मा ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर आकर शतक ठोका। पहले रोहित शर्मा ने 27 गेंदों पर अपना अर्द्ध शतक पूरा किया और इसके बाद केवल 62 गेंदों पर ही शतक भी जड़ दिया। रोहित शर्मा बिल्कुल भी दबाव में नहीं दिखे। जब रोहित ने अपने 100 रन पूरे किए, जब 80 रन तो उन्होंने चौके और छक्कों से ही बना दिए थे। केवल 20 रन उन्होंने दौड़कर पूरे किए। रोहित ने 8 चौके और 8 छक्के लगाए। ये लिस्ट ए क्रिकेट में रोहित का 37वां शतक है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here