-अभिषेक गोस्वामी और समीर रिज़वी की शानदार बल्लेबाजी पर गेंदबाजों ने फेरा पानी
– क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सौराष्ट्र के आक्रमण के सामने यूपी का मध्यक्रम नहीं चला
यूपी अपने अभियान को मुकाम तक नहीं पहुंचा सका और लगातार सात मुकाबलों में जीत दर्ज करने के बावजूद पहली हार के साथ विजय हजारे ट्रॉफी से बाहर हो गया। बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी के ग्राउंड नम्बर 2 में खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल में हरविक देसाई के शानदार शतक की मदद से सौराष्ट्र ने यूपी को VJD मैथड से 17 रन से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। 40.1 ओवर्स में जब स्कोर 3 विकेट पर 238 रन था, बारिश की वजह से मुकाबले को रोकना पड़ गया। इसके बाद वीजेडी मैथड से मैच का नतीजा सौराष्ट्र के पक्ष में घोषित कर दिया गया। हरविक देसाई 116 गेंदों में 2 छक्के और 8 चौकों की मदद से 100 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि चिराग गनी ने नाबाद 40 रन बनाए।
महत्वपूर्ण मैच में नहीं चले रिंकू सिंह और जीशान अंसारी
राजकोट में खेले गए लीग मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद जैसे ही विकेट बदला यूपी का खेल भी खत्म हो गया। दरअसल कप्तान रिंकू सिंह और पूरे टूर्नामेंट टॉप की गेंदबाजी करने वाले स्पिनर जीशान अंसारी की इस मैच में असफलता ने यूपी की हार की कहानी लिख दी। विकेट बल्लेबाजी के लिए अनुकूल था लेकिन यूपी की टीम ने जो लक्ष्य रखा था, वो सौराष्ट्र के बल्लेबाजों ने बौना साबित कर दिया। इस विकेट के लिए गेंदबाजों के लिए कुछ खास नहीं था लेकिन फिर भी सौराष्ट्र के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूपी के मध्य क्रम में सेंध लगा दी। बाद में सलामी बल्लेबाज हरविक देसाई के शतक ने यूपी की विजय हजारे ट्रॉफी से विदाई कर दी। यूपी के लिए करन चौधरी, प्रशांत वीर और विप्रज निगम ने ए-एक विकेट लिए। दो विकेट लेने के अलावा 67 रन बनाने वाले प्रेरक मांकड को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
लड़खड़ाने के बावजूद यूपी ने बनाए 310 रन
अभिषेक गोस्वामी और समीर रिज़वी की आक्रामक पारियों के चलते यूपी ने 50 ओवर्स में 8 विकेट पर 310 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे सौराष्ट्र ने पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद दूसरे विकेट पर हरविक देसाई और प्रेरक मांकड (67) के बीच हुई 133 और फिर चिराग गनी के साथ चौथे विकेट के लिए हुई नाबाद 76 रनों की साझेदारी की मदद से खेल रोके जाने तक हासिल कर लिया था।
यूपी की बल्लेबाजी में आज वो बात नहीं दिखी
अपने ग्रुप की अपराजेय यूपी के सामने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाए जाने के बाद ध्रुव जुरेल की गैरमौजूदगी में बड़ा स्कोर बनाने की कठिन चुनौती थी। लेकिन जब उसकी शुरुआत ही अच्छी नहीं रही तो हालात मुश्किल दिखने लगे। दरअसल यूपी की मध्यक्रम बल्लेबाजी में आज वो झस देखने को नहीं मिला जो पिछले सात मैचों में दिखा था। ध्रुव जुरेल के टीम इंडिया से जुड़ जाने के बाद आर्यन जुयाल और कप्तान रिंकू सिंह की जिम्मेदारी इस नॉक आउट मैच में और बढ़ गई थी लेकिन दोनों ही दिग्गज सौराष्ट्र के खिलाफ अपनी भूमिका को सही तरीके से अंजाम नहीं दे सके।
आर्यन जुयाल खाता भी नहीं खोल सके
पहले चार मैचों तक जबर्दस्त फॉर्म में रहने के बाद सलामी बल्लेबाज आर्यन जुयाल से नॉक आउट मुकाबले में भी एक बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह इस अहम् मुकाबले में खाता तक नहीं खोल सके। यूपी ने पहला विकेट सिर्फ 10 रनों पर खो दिया था। इसके बाद ध्रुव जुरेल की जगह टीम में शामिल किए गए रितुराज शर्मा (12) भी जल्दी ही चलते बने। 42 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद अभिषेक गोस्वामी और प्रियम गर्ग (35) के बीच तीसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी से स्थिति जब संभल रही थी यूपी को तीवरा झटका लग गया। यूपी ने पहले पावर प्ले में सिर्फ 43 रन बनाए , जबकि इस दौरान उसके दो विकेट भी निकल गये थे।
रिंकू सिंह का बल्ला ऐन मौके पर धोखा दे गया
जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे कप्तान रिंकू सिंह का बल्ला भी ऐन मौके पर धोखा दे गया। वे सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए। यूपी टीम इस विकेट के 134 रनों पर गिरने के बाद लड़खड़ाने लगी। अभी 45 रन ही और जुड़े थे कि अभिषेक गोस्वामी भी शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए। अभिषेक ने 82 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 88 रन बनाए। 179 रनों पर जब आधी टीम पवेलियन लौट गई तो यूपी की नांव डोलने लगी। ऐसे समय में समीर रिज़वी और प्रशांत वीर ने छठे विकेट के लिए अर्द्धशतकीय साझेदारी कर टीम को सम्मान जनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया।
समीर रिज़वी ने खेली नायाब पारी
यूपी के लिए अच्छा यह था कि समीर रिज़वी एक छोर लगातार संभाले हुए थे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण मुकाबले में यूपी के लिए नायाब पारी खेली। रिज़वी ने टैलेंडर्स के साथ छोटी-छोटी साझेदारी कर टीम को ऐसे स्कोर तक पहुंचा दिया जहां से उसके गेंदबाज सौराष्ट्र की बल्लेबाजी पर दबाव बना सकते थे। विप्रज निगम ने 13 और जीशान अंसारी ने 20 रनों का योगदान किया। समीर रिज़वी ने 77 गेंदों पर अपनी नाबाद 88 रनों की पारी के दौरान 2 छक्के और 10 चौके जड़े। सौराष्ट्र की गेंदबाजी की बात करें तो वहां चेतन साकरिया ने 10 ओवर में 54 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं अंकुर पंवार और प्रेरक मांकड़ ने दो-दो विकेट चटकाए।










