-अभिषेक गोस्वामी और समीर रिज़वी की आक्रामक अर्द्धशतकीय पारियों ने यूपी को 310 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया
– क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सौराष्ट्र के आक्रमण के सामने यूपी का मध्यक्रम नहीं चला, छोटी-छोटी साझेदारियों से बनी बात
बेंगलुरु। अभिषेक गोस्वामी और समीर रिज़वी की आक्रामक पारियों के चलते यूपी ने विजय हजारे ट्रॉफी के दूसरे क्वार्टर फाइनल में अपना मध्यक्रम लड़खड़ाने के बाद संभलते हुए 50 ओवर्स में 8 विकेट पर 310 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया। अब सौराष्ट्र के सामने 6.22 के औसत से रन बना जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाने की चुनौती है।
यूपी की बल्लेबाजी में आज वो बात नहीं थी
अपने ग्रुप की अपराजेय यूपी के सामने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाए जाने के बाद ध्रुव जुरेल की गैरमौजूदगी में बड़ा स्कोर बनाने की कठिन चुनौती थी। लेकिन जब उसकी शुरुआत ही अच्छी नहीं रही तो हालात मुश्किल दिखने लगे। दरअसल यूपी की मध्यक्रम बल्लेबाजी में आज वो झस देखने को नहीं मिला जो पिछले सात मैचों में दिखा था। ध्रुव जुरेल के टीम इंडिया से जुड़ जाने के बाद आर्यन जुयाल और कप्तान रिंकू सिंह की जिम्मेदारी इस नॉक आउट मैच में और बढ़ गई थी लेकिन दोनों ही दिग्गज सौराष्ट्र के खिलाफ अपनी भूमिका को सही तरीके से अंजाम नहीं दे सके।
आर्यन जुयाल खाता भी नहीं खोल सके
पहले चार मैचों तक जबर्दस्त फॉर्म में रहने के बाद सलामी बल्लेबाज आर्यन जुयाल से नॉक आउट मुकाबले में भी एक बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह इस अहम् मुकाबले में खाता तक नहीं खोल सके। यूपी ने पहला विकेट सिर्फ 10 रनों पर खो दिया था। इसके बाद ध्रुव जुरेल की जगह टीम में शामिल किए गए रितुराज शर्मा (12) भी जल्दी ही चलते बने। 42 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद अभिषेक गोस्वामी और प्रियम गर्ग (35) के बीच तीसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी से स्थिति जब संभल रही थी यूपी को तीवरा झटका लग गया। यूपी ने पहले पावर प्ले में सिर्फ 43 रन बनाए , जबकि इस दौरान उसके दो विकेट भी निकल गये थे।
रिंकू सिंह का बल्ला ऐन मौके पर धोखा दे गया
जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे कप्तान रिंकू सिंह का बल्ला भी ऐन मौके पर धोखा दे गया। वे सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए। यूपी टीम इस विकेट के 134 रनों पर गिरने के बाद लड़खड़ाने लगी। अभी 45 रन ही और जुड़े थे कि अभिषेक गोस्वामी भी शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए। अभिषेक ने 82 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 88 रन बनाए। 179 रनों पर जब आधी टीम पवेलियन लौट गई तो यूपी की नांव डोलने लगी। ऐसे समय में समीर रिज़वी और प्रशांत वीर ने छठे विकेट के लिए अर्द्धशतकीय साझेदारी कर टीम को सम्मान जनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया।
समीर रिज़वी ने खेली नायाब पारी
यूपी के लिए अच्छा यह था कि समीर रिज़वी एक छोर लगातार संभाले हुए थे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण मुकाबले में यूपी के लिए नायाब पारी खेली। रिज़वी ने टैलेंडर्स के साथ छोटी-छोटी साझेदारी कर टीम को ऐसे स्कोर तक पहुंचा दिया जहां से उसके गेंदबाज सौराष्ट्र की बल्लेबाजी पर दबाव बना सकते थे। विप्रज निगम ने 13 और जीशान अंसारी ने 20 रनों का योगदान किया। समीर रिज़वी ने 77 गेंदों पर अपनी नाबाद 88 रनों की पारी के दौरान 2 छक्के और 10 चौके जड़े। सौराष्ट्र की गेंदबाजी की बात करें तो वहां चेतन साकरिया ने 10 ओवर में 54 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं अंकुर पंवार और प्रेरक मांकड़ ने दो-दो विकेट चटकाए।










