विराट कोहली के लिए रिकॉर्डों से भरा वन डे
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची में खेले गए तीन मैचों की सीरीज के पहले वन डे में विराट कोहली ने अपने वनडे कॅरिअर का 52वां शतक लगाया। वहीं ये उनके इंटरनेशनल करियर का 83वां शतक है। अब इंटरनेशनल क्रिकेट में एक फॉर्मेट में घर पर सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम हो गया है। विराट कोहली के बल्ले से यह प्रदर्शन उस समय आया है, जब 2027 के विश्व कप को लेकर उनके स्थान को लेकर चीफ सलेक्टर और हेड कोच के बयान साकारात्मक नहीं हैं।
विराट कोहली ने जो रूट का भी यह रिकॉर्ड ध्वस्त किया
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने जिम्मेदारी भरी शतकीय पारी खेलते हुए 135 रन बनाकर दिखाया कि अभी उनमें कितना क्रिकेट बाकी है। उन्होंने सलामी बल्लेबजी रोहित शर्मा के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने शतक लगाकर जो रूट का भी एक रिकॉर्ड तोड़ा है। ये रिकॉर्ड है इंटरनेशनल क्रिकेट में एक फॉर्मेट में घर पर सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने का था। अब ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम हो गया है। घर पर वनडे में विराट कोहली का ये 25वां शतक है। इससे पहले ये रिकॉर्ड जो रूट के नाम था। रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने घर टेस्ट में 24 शतक लगाए हैं। वहीं रिकी पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में 23 शतक लगाए थे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्वाधिक 6 शतक लगाए
विराट कोहली ने 120 गेंदों में कुल 135 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। शतक जड़ने के साथ वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक जड़ने वाले प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने अफ्रीकी टीम के खिलाफ अभी तक 6 वनडे शतक लगाए हैं। कोहली ने सचिन तेंदुलकर और डेविड वॉर्नर का कीर्तिमान तोड़ दिया है। सचिन और वॉर्नर ने अफ्रीकी टीम के खिलाफ वनडे क्रिकेट में कुल 5-5 शतक ठोके थे। अब कोहली इन प्लेयर्स को पीछे छोड़कर पहले नंबर की कुर्सी पर विराजमान हो गए हैं।
भारतीय टीम के लिए साल 2008 में किया था डेब्यू
विराट कोहली ने भारतीय टीम के लिए वनडे क्रिकेट में साल 2008 में डेब्यू किया था और इसके बाद से ही वह टीम की अहम कड़ी बन गए। उन्होंने अभी तक टीम इंडिया के लिए 306 वनडे मैचों में कुल 14388 रन बनाए हैं, जिसमें 52 शतक और 75 अर्धशतक लगाए हैं।
कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
विराट कोहली का नाम पहले से ही वनडे क्रिकेट के दिग्गज प्लेयर्स में शुमार है और उनका ये वनडे में 52वां शतक है। उनसे ज्यादा शतक इस फॉर्मेट में किसी और बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं। 49 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं। वहीं इससे पहले एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के दौरान टेस्ट फॉर्मेट में 51 शतक लगाए थे। लेकिन इस मैच में शतक लगाकर विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर के इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है।
विराट कोहली ने एक और रिकॉर्ड किया अपने नाम
वनडे इंटरनेशनल में घर में सबसे ज्यादा पचास प्लस स्कोर बनाने के मामले में कोहली पहले नंबर पर आ गए हैं। कोहली का यह भारत में इस फॉर्मेट में 59वां पचास प्लस स्कोर हैं और इस लिस्ट में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा दिया है। तेंदुलकर ने वनडे इंटरनेशनल में घर पर 58 फिफ्टी प्लस स्कोर बनाए थे। साउथ अफ्रीका के जैक कैलिस ने अपने घर पर वनडे में 46 बार फिफ्टी प्लस रनों की पारी खेली थी। वहीं रिकी पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया में वनडे में 45 बार पचास प्लस स्कोर बनाए थे।










