-इंदौर वन डे में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रनों से हराया, मिचेल और फिलिप्स ने खेली शतकीय पारी
कमजोर मानी जाने वाली न्यूजीलैंड की टीम ने रविवार को भारत के खिलाफ इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए अंतिम एक दिवसीय मुकाबला 41 रनों से जीतकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वन डे सीरीज जीतने का इतिहास भी बना दिया है। भारत के लिए दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर बल्ले से कमाल दिखाते हुए शानदार शतक लगाया लेकिन दूसरे छोर से साथ न मिलने के चलते उनका यह प्रयास बेकार चला गया। भारत इस मैच में पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सका। हालांकि इस मैच में हर्षित राणा ने ऑलराउंड प्रदर्शन कर भविष्य के लिए खुद को नम्बर 8 की पोजीशन पर उपयोगी खिलाड़ी साबित किया।
न्यूजीलैंड के 337 के जवाब में टीम इंडिया 296 पर आउट
न्यूजीलैंड ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 337 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के विराट कोहली को छोड़ टॉप और मिडिल ऑर्डर के न चलने से टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई। विराट कोहली ने नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा के साथ मिलकर मैच में वापसी की कोशिश की लेकिन 44वें ओवर में हर्षित राणा के आउट हो जाने के बाद उसकी आस टूट गई। भारत ने 46 ओवर में सभी विकेट खोकर 296 रन बनाए। भारत की ओर से विराट कोहली ने सर्वाधिक 124 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए फोक्स और क्लार्क ने 3-3 विकेट लिए।
रोहित, शुभमन, श्रेयस और राहुल सस्ते में लौटे
न्यूजीलैंड की ओर से दिए गए 338 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को चौथे ओवर में ही पहला झटका लगा। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 13 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो गए। रोहित शर्मा के लिए यह सीरीज अच्छी नहीं रही। वे एक भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। कप्तान शुभमन गिल भी 18 गेंद में 23 रन बनाकर जैमिसन का शिकार बने। श्रेयस अय्यर 10 गेंद में तीन रन ही बना सके। केएल राहुल भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके और 6 गेंद में मात्र एक रन ही बना सके।
विराट और नीतीश की साझेदारी ने मैच का रोमांच बढ़ाया
इसके बाद विराट कोहली और नीतीश कुमार रेड्डी ने पांचवें विकेट के लिए 88 रन जोड़कर मैच में जान फूंक दी। लेकिन नीतीश रेड्डी 2 छक्के और 2 चौकों की मदद से 57 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हो गए। नये बल्लेबाज रविंद्र जडेजा का वन डे में फ्लॉप शो जार रहा। वे 16 गेंद में 12 रन बनाकर जेडन का शिकार बने। विराट कोहली लगातार एक छोर संभाले हुए थे। रेड्डी के आउट होने के बाद हर्षित राणा ने 4 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 43 गेंदों में ताबड़तोड़ 52 रन बनाकर दर्शकों की धड़कनें बढ़ाते हुए एक बार भी जीत की उम्मीद जगाई। इस दौरान विराट कोहली ने अपना शतक भी पूरा कर लिया था।
विराट कोहली और हर्षित राणा के बीच 99 रनों की साझेदारी
विराट कोहली और हर्षित के बीच सातवें विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी का अंत राणा का विकेट गिरने से हुआ। अगले बल्लेबाज मोहम्मद सिराज खाता भी नहीं खोल सके। विराट कोहली भी रन गति को तेज करने के प्रयास में आउट हो गए। वे 3 छक्के और 10 चौकों की मदद से 108 गेंदों में 124 रन बनाकर नौंवें विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। कुलदीप यादव के रन आउट के साथ ही भारतीय पारी समाप्त हुई। न्यूजीलैंड के लिए जैकरी फॉउल्क्स और क्रिस्चियन क्लार्क ने 3-3 विकेट झटके। जेडेन लेनोक्स को 2 विकेट मिले। काइल जैमीसन के हाथ एक सफलता लगी।
न्यूजीलैंड की पार में लगे दो शतक
इससे पहले न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शतक की मदद से दिया बड़ा लक्ष्य। भारत की शुरुआत अच्छी रही। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले ओवर में हेनरी निकोलस का विकेट गंवाया। वह खाता नहीं खोल सके। उन्हें अर्शदीप सिंह ने आउट किया। इसके बाद हर्षित राणा ने डेवोन कॉनवे को पवेलियन का रास्ता दिखाया। कॉनवे 5 रन ही बना सके। विल यंग ने 41 गेंद में 30 रन की पारी खेली। राणा ने उन्हें आउट किया।
मिचेल और फिलिप्स के बीच 219 रनों की साझेदारी
न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने 3 छक्कों और 15 चौकों की मदद से 131 गेंदों में सर्वाधिक 137 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 88 गेंदों में 3 छक्के और 9 चौकों की मदद से तेज तर्रार 106 रन ठोंक दिए। ग्लेन फिलिप्स और मिचेल की साझेदारी को अर्शदीप सिंह ने तोड़ा। उन्होंने फिलिप्स को आउट करके चौथे विकेट पर इन दोनों के बीच निभी 219 रनों की साझेदारी का अंत किया। हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को एक एक विकेट मिला। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।
भारत में 14 महीने में दूसरी सीरीज जीता न्यूजीलैंड
लगातार 7 सीरीज हारने के बाद न्यूजीलैंड ने भारत की सरजमीं पर पहली बार वन डे सीरीज जीतने का कारनामा कर दिखाया है। न्यूजीलैंड की टीम ने पहली बार साल 1988-89 में भारत में वन डे सीरीज खेली थी। अब 8वीं सीरीज में जाकर न्यूजीलैंड को सफलता हासिल हुई है। न्यूजीलैंड ने 14 महीने के भीतर भारत को भारतीय सरजमीं पर दो सीरीज में हराया है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने नवंबर 2024 में टीम इंडिया का 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से सफाया किया था। तब न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया के घर में पहली बार टेस्ट सीरीज अपने नाम की थी। अब कीवी टीम ने पहली वन डे सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया है। जहां तक इंदौर में भारत के रिकॉर्ड की बात है तो 7 वन डे मैच जीतने के बाद यहां भारत की यह पहली हार है। वहीं, अक्टूबर 2022 के बाद यह पहली बार है, जब लगातार 13 मैच जीतने के बाद भारत टॉस जीतकर घर पर कोई वन डे मैच हारा है।










