विराट कोहली ने इस मैच में 102 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। दुनिया के हर स्टेडियम में विराट को दिलोजान से चाहने वाले उनके प्रशंसक मौजूद रहते हैं। ऐसा ही कुछ नजारा रांची में खेले गए भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहले वनडे मैच के दौरान देखने को मिला। इस मैच के दौरान विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। इसी दौरान एक प्रशंसक सुरक्षा घेरा तोड़कर विकेट पर जा पहुंचा और उसने विराट कोहली के पैर पकड़ लिए। हालांकि तुरंत ही सुरक्षाकर्मी उस फैन को पकड़कर मैदान से बाहर ले गए। कोहली ने 38वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया। शतक लगाने के बाद उन्होंने इसका जश्न मनाया।
आईपीएल के दौरान भी नजारा ऐसा देखने को मिला था
यह पहली बार नहीं हुआ जब कोई फैन मैच के दौरान विराट कोहली से मिलने मैदान में घुसा हो। इससे पहले आईपीएल के दौरान भी नजारा ऐसा देखने को मिला था, जहां फैन उनसे मिलने के लिए क्रीज तक पहुंच गया था। कोहली ही नहीं रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाड़ियों से मिलने के लिए कई फैन मैदान में घुस चूके हैं। भारत में मैदान पर ऐसा नजारा कई बार देखने को मिला है।










