विराट कोहली के रिकॉर्ड 52वें शतक से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 17 रनों से हराया

0
47

– हर्षित राणा के बाद कुलदीप यादव के कमाल से भी भारत को मिली रोमांचक जीत

रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में भारत ने विराट कोहली (135) के शतक के बाद कुलदीप यादव (4 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में 17 रनों से जीत दर्ज कर 3 मैचों के वन डे सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 349 रन बनाए, जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 332 रनों पर सिमट गई। इस मैच में दर्शकों ने 681 रन बनते देखे। मैच आखिरी ओवर तक रोमांचक रहा। विराय कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसम्बर को रायपुर में होगा।

दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही

350 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में ही दो विकेट गंवा दिए। रयान रिकल्टन और क्विंटन डिकॉक खाता नहीं खोल सके। हर्षित राणा ने दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। अर्शदीप सिंह ने एडन मार्करम (7) को आउट किया। डी जॉर्जी ने 35 गेंद में 39 रन की पारी खेली। कुलदीप ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। डेवाल्ड ब्रेविस 28 गेंद में 37 रन बनाकर हर्षित का शिकार बने। टोनी जोर्जी (39) और मैथ्यू ब्रिट्जके के बीच चौथे विकेट के लिए 66 रनों की शानदार साझेदारी हुई। 15वें ओवर में कुलदीप यादव ने इस साझेदारी को जोर्जी का विकेट लेकर तोड़ दिया।

कुलदीप ने एक ओवर में मैच भारत की तरफ मोड़ा

डीवाल्ड ब्रेविस ने 37 रनों की अच्छी पारी खेली। लेकिन 22वें ओवर में हर्षित राणा ने उन्हें पवेलियन भेजा। माकार्े जानसेन (70) और मैथ्यू ब्रिट्जके (72) ने टीम की लड़खड़ाती पारी को न सिर्फ संभाला बल्कि तेज रफ्तार से रन जोड़ टीम का औसत भी अच्छा बनाए रखा। दोनों के बीच शानदार 97 साझेदारी हुई। इस दौरान जानसेन ने तो केवल 26 गेंदों में अर्द्धशतक जड़ दिया। 33वें ओवर में कुलदीप ने ये साझेदारी तोड़ी और जानसेन को चलता किया। जानसेन ने 39 गेंद में 70 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में जानसेन ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। इसी ओवर में कुलदीप ने ब्रिट्जके को भी आउट किया। ब्रिट्जके ने 72 रन बनाए। इसके बाद 40वें ओवर में फिर कुलदीप ने विकेट झटका और सुब्रायन को चलता किया। सूब्रायन के बल्ले से केवल 17 रन आए।

कार्बिन बोस की धुआंधार पारी ने पसीने छुड़ाए

दक्षिण अफ्रीका के हाथ से जब मैच फिसलने लगा तब कार्बिन बोस और बर्गर ने मोर्चा संभाल लिया। हालांकि 47वें ओवर में अर्शदीप ने बर्गर (17) को चलता किया। लेकिन बोस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। कार्बिन बोस ने धुआंधार पारी खेलते हुए मैच को काफी रोमांचक बना दिया था। अंतिम ओवर जब शुरू हुआ तब भी यह कहा नहीं जा सकता था कि बाजी किसके पक्ष में रहेगी। उनकी बल्लेबाजी से एक बार तो मैच का रुख बदलता दिख रहा था। अंतिम ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 18 रनों की जरूरत थी। प्रसिद्ध कृष्णा ने बोस को रोहित शर्मा के हाथों कैच करवा कर मैच भारत की झोली में डाल दिया। बोस ने 51 गेंदों पर 4 छक्के और 5 चौक्के लगाते हुए 67 रन बनाए। भारत के लिए कुलदीप यादव ने 4, हर्षित राणा ने 3, अर्शदीप सिंह ने 2 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट लिया।

रांची में दिखा विराट और रोहित का दम

रांची में यशस्वी जायसवाल के तौर पर पहला विकेट गिरने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भारतीय पारी को संभाला और तेजी से रन बटोरते हुए जल्द ही शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इस दौरान विराट कोहली ने छक्के से अपना अर्धशतक पूरा किया। कोहली ने 48 गेंदों पर वन डे में अपना 76वां अर्धशतक जड़ा। इसके कुछ देर बाद ही रोहित भी 43 गेंदों पर अपना अर्धशतक जड़ने में कामयाब रहे। हिटमैन के वन डे करियर का यह 60वां अर्धशतक है।

रो.को. ने की दूसरे विकेट पर शतकीय साझेदारी

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने इस मैच में सबका दिल जीत लिया। दोनों ने अपनी फॉर्म दिखाते हुए शानदार बल्लेबाजी की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी हुई। रोहित शर्मा ने 51 गेंदों में पांच चौके और 3 छक्के की मदद से 57 रन बनाए। वहीं विराट कोहली 120 गेंदों में 135 रन की जबरदस्त पारी खेलकर आउट हुए। विराट ने अपनी पारी के दौरान 11 चौके और 7 छक्के लगाए।

खास नहीं रही थी भारत की शुरुआत

भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी हुई। यशस्वी जायसवाल 16 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा 51 गेंद में 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऋतुराज गायकवाड़ 14 गेंद में 8 रन ही बना सके। वॉशिंगटन सुंदर ने 19 गेंद में 13 रन बनाए। रविंद्र जडेजा 20 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान केएल राहुल ने 56 गेंद में 60 रन की पारी खेली। अर्शदीप बिना खाता खोले आउट हुए। साउथ अफ्रीका की ओर से नांद्रे बर्गर, बॉश, मार्को और बार्टमन ने 2-2 विकेट चटकाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here