विंबलडन 2025 : नोवाक जोकोविच ने डैन इवांस को सीधे सेटों में हराकर तीसरे दौर में पहुंचे

0
50

अब तक सात विंबलडन खिताब और कुल 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके नोवाक जोकोविच ने डैन इवांस को सीधे सेटों में 6-3, 6-2, 6-0 से हराकर विंबलडन 2025 में पुरुष एकल के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ 38 साल के जोकोविच ने टूर्नामेंट में अपना 99वां मुकाबला अपने नाम किया और 19वीं बार तीसरे दौर में पहुंचने वाले ओपन एरा के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड दिग्गज रोजर फेडरर के नाम था, जिन्होंने 18 बार विंबलडन के तीसरे दौर तक का सफर तय किया था। इस मौके पर उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि 19 बार तीसरे दौर में पहुंचना बेहतरीन है। यह संख्या शायद यानिक सिनर और कार्लोस अल्कारेज की उम्र जितनी है। गौरतलब है कि पिछले दो विंबलडन फाइनल में जोकोविच को हराने वाले अल्कारेज की उम्र 22 साल है, जबकि दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी सिनर 23 साल के हैं।

मीरा आंद्रीवा ने लूसिया ब्रोंजेटी को हराया
महिला सिंगल्स कैटेगिरी में भी रोमांचक मुकाबले खेले गए। सातवीं वरीयता प्राप्त मीरा आंद्रीवा ने इटली की लूसिया ब्रोंजेटी को 6-1, 7-6 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं, 10वीं वरीय ऐमा नवारो ने एकतरफा मुकाबले में वेरोनिका कुदरमेतोवा को 6-1, 6-2 से हराया। विंबलडन 2022 की चैंपियन एलेना रिबाकिना ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मारिया सकारी को 6-3, 6-1 से हराकर अगले राउंड में कदम रखा। पुरुष सिंगल्स में ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डि मिनोर ने फ्रांस के आर्थर केजॉक्स को 4-6, 6-2, 6-4, 6-0 से हराया, जबकि 19वीं वरीयता वाले ग्रेगोर दिमित्रोव ने कोरेनटिन मोटेट को कड़े मुकाबले में 7-5, 4-6, 7-5, 7-5 से मात दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here