सबसे बड़े ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के ड्रॉ की घोषणा कर दी गई है। ड्रॉ के अनुसार फ्रेंच ओपन 2025 में पुरुष एकल चैम्पियन स्पेन के कार्लोस अल्कारेज पहले दौर में फोगनिनी से भिड़ेंगे। विंबलडन टूर्नामेंट की शुरुआत 30 जून से हो रही है। मौजूदा वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज साल 2025 में लगातार तीसरा खिताब अपने नाम करने की कोशिश करेंगे।
वर्ल्ड नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी यानिस सिनर पहले दौर में लुका नार्डी से भिड़ेंगे। कॅरिअर में अब तक 24 खिताब जीत चुके और सात बार विंबलडन ट्रॉफी उठाने वाले नोवाक जोकोविच को पहले दौर से कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है, क्योंकि उनका पहला ही मुकाबला एलेक्जेंडर मुलर से होगा। वहीं महिला वर्ग में कोको गॉफ एक जुलाई को डायना यास्त्रेमस्का के सामने होंगी। फ्रेंच ओपन में अपना दूसरा बड़ा खिताब जीतने वाली गॉफ का सामना दूसरे दौर में दो बार की ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन विक्टोरिया अजारेंका से हो सकता है।
स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं सीधा प्रसारण
भारतीय फैंस टेनिस के सबसे बड़े टूर्नामेंट विंबलडन 2025 का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर की जाएगी। विंबलडन 2025 की प्राइज मनी को बढ़ाकर लगभग 6.23 अरब रुपए कर दिया गया है, जिसमें सिंगल्स का खिताब जीतने वाले खिलाड़ी को लगभग 34.93 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। यह राशि पिछले साल की तुलना में लगभग 3.5 मिलियन पाउंड अधिक है। विंबलडन 2024 में पुरुष सिंगल्स का खिताब कार्लोस अल्कारेज ने जीता था, जिसमें उन्होंने फाइनल मुकाबले में नोवाक जोकोविच को मात दी थी, वहीं महिला सिंगल्स का खिताब बारबोरा क्रेजिकोवा ने अपने नाम किया था, जिसमें उन्होंने फाइनल मैच में जैस्मीन पाओलिनी को हराया था।










