महिला वर्ल्ड कप : 7 बार की चैम्पियन को हराने वाली टीम इंडिया वर्ल्ड कप फाइनल जीत इतिहास रचने को तैयार

0
64

– जीते कोई भी पर इस बार दुनिया को मिलेगी नई वर्ल्ड कप चैम्पियन टीम

नवी मुंबई के डीवाई स्टेडियम में होने वाले महिला वन डे वर्ल्ड कप फाइनल में रविवार को इतिहास रचा जा सकता है। इस दिन वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और दक्षिण अफ्रीका से होगा। दोनों ही टीमें पहली बार खिताब जीतने के लिए जान लगाती नजर आएंगी। 7 बार की वर्ल्ड चैम्पियन आस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में सबसे बड़ा टारगेट हासिल कर हराने वाली टीम इंडिया की खिलाड़ियों के तेवर एकदम अलग नजर आ रहे हैं। स्मृति मंधाना की जबर्दस्त फॉर्म के बाद सेमीफाइनल में कप्तान हरमन प्रीत कौर और जेमिमा रेड्रोक्सि के बल्लों से भी धमाकेदार पारियां देखने को मिली हैं। पूरी टीम इस मैच में जीत की अहमियत जानती है। मंजिल सामने है और कोई भी चूक उसे फिर लम्बा इंतजार करवा सकती है, इसलिए वह इस टूर्नामेंट के अंतिम मुकाबले में जीत दर्ज कर वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाने में कोई कोर कसर नहीं रख छोड़ेगी।

अब भी एक कदम दूर है। भारत पहले भी कई बार इस मुक़ाम के क़रीब पहुंचा है, लेकिन मामूली चूक ने जीत को हार में बदल दिया। इस बार टीम ऐसी कोई गलती नहीं दोहराना चाहेगी। इस मैच से पहले टीम इंडिया के कप्तान हरमनप्रीत कौर ने हुंकार भरते हुए कहा भी कि टीम इंडिया फाइनल मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार है। साथ ही में उन्होंने ये भी कह दिया कि पूरी टीम फाइनल मैच जीतने के बाद की खुशी का लुत्फ उठाने का इंतजार कर रही है।

दक्षिण अफ्रीका ने अपने पहले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 69 रन पर ढेर होकर टूर्नामेंट की सबसे निराशाजनक शुरुआत की थी। बाद में लीग स्टेज में वे सिर्फ 97 रन तक सीमित रहे, लेकिन सेमीफाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के सामने कमाल का प्रदर्शन किया। इसके उलट भारत की शुरुआत ठीक-ठाक रही। टीम ने शुरुआती दो मैच जीते, लेकिन उसके बाद ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका से हार झेलनी पड़ी। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ करो या मरो वाले मुकाबले में जीत हासिल कर सेमीफाइनल तक पहुंचना पड़ा। लेकिन वहां भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जो प्रदर्शन किया, वह कई सालों तक याद रखा जाएगा।

फाइनल में हम अपना सब कुछ झोंक देंगे : हरमनप्रीत कौर

हरमनप्रीत ने फाइनल मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हार के बाद क्या भावना होती है वह हमें अच्छी से पता है लेकिन हम जीतने के बाद की खुशी का लुत्फ उठाने का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद है कि कल का दिन हमारे लिए स्पेशल और यादगार होगा हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना चाहेंगे। अभी तक काफी कड़ी मेहनत की है। फाइनल में हम अपना सब कुछ झोंक देंगे। भारत के लिए यह वर्ल्ड कप का तीसरा फाइनल है। टीम को इससे पहले 2005 और 2017 के विश्व कप फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। हरमनप्रीत 2017 में भारतीय टीम का हिस्सा थी।

उन्होंने कहा कि फाइनल खेलना हम सब के लिए गर्व का पल है और मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने पिछले दो मैचों में खेला है उससे पूरे देश को हमारे प्रदर्शन पर गर्व होगा। यह बड़ा मैच है इसके साथ ही हम इस मौके का लुत्फ उठाना चाहते है। जब हरमनप्रीत कौर से फाइनल में टीम को प्रेरित करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जब आप ऐसे मंच पर होते हो जहां वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेलना है तो इससे बड़ी प्रेरणा कुछ और नहीं हो सकती और पूरी टीम इसके लिए पूरी तरह से तैयार है। हम एक दूसरे के साथ खड़े हैं और यह दिखाता है कि यह टीम कितनी एकजुट है। उन्होंने कहा कि भारत इस मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार है और टीम ने इसकी तैयारी काफी पहले शुरू कर दी थी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन की यादगार पारी खेलने वाली हरमनप्रीत ने कहा कि यह इस मुकाबले में अपना बेस्ट देने के बारे में है। ऐसा नहीं है कि हम आज फाइनल में पहुंचे है और हमें आज ही सब कुछ करना है। हम पिछले कई साल से इसकी तैयारी कर रहे थे। हमे पता था कि भारत में वर्ल्ड कप होने वाला है और यहां पिच तथा परिस्थिति कैसी रहने वाली है। पूरी टीम इस मैच के लिए शत प्रतिशत तैयार है। उन्होंने कहा कि हमने वर्ल्ड कप में टीम में जिसे भी मौका दिया उसने अपना बेस्ट किया। हमारे लिए यह अच्छी बात है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here