-ध्रुव जुरेल ने खेली टूर्नामेंट में दूसरी शतकीय पारी, आर्यन जुयाल ने जड़ा अर्द्धशतक
– यूपी ने बंगाल को अंतिम लीग मुकाबले में 5 विकेट से हराकर अजेय रहते हुए ग्रुप बी की प्वाइंट टेबल में टॉप किया
– बंगाल के 269 रनों के जवाब में यूपी ने 5 विकेट खोकर हासिल किया लक्ष्य
यह कुछ वैसा ही है जैसे कई साल से सूखी पड़ी किसी प्यासी नदी में भरपूर पानी छोड़ दिया गया हो। रेड बॉल में संघर्ष करने वाले यूपी टीम को विजय हजारे ट्रॉफी में झमाझम जीत पर जीत मिल रही है। यूपी ने ग्रुप बी में अपने सभी मैच जीतकर न सिर्फ पूल में 28 अंकों के साथ टॉप किया, बल्कि इस टूर्नामेंट में पहली बार लगातार 7 मैच जीतने का कारनामा भी कर दिखाया। अभी तक उसका पिछला रिकॉर्ड लगातार 5 जीत का था।
यूपी का विजयी रथ इस टूर्नामेंट में सरपट दौड़ा
यूपी ने इस टूर्नामेंट में अपने विजयी रथ को सरपट दौड़ा वन डे फॉर्मेट में दमदार क्रिकेट खेल आलोचकों का मुंह भी सिल दिया। गुरुवार को राजकोट में खेले गए अंतिम लीग मुकाबले में पहले तो रिंकू सिंह की कप्तानी वाली यूपी टीम के लिए जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे गुगली गेंदबाज जीशान अंसारी ने अपनी शानदार फिरकी से बंगाल के बल्लेबाजों को फंसा सस्ते में चलता किया। इसके बाद ध्रुव जुरेल के शतक की मदद से लक्ष्य का पीछा करते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में 42.2 ओवर्स में ही मैच खत्म कर 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली। यूपी अजेय रहते हुए क्वार्टर फाइनल खेलने के लिए अगले दौर में जाने वाली टीम बनी है।
जुरेल और आर्यन के बीच शतकीय साझेदारी
यूपी ने टॉस जीतकर बंगाल को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाते हुए उसका 45.1 ओवर्स में सिर्फ 269 रनों पर पुलिंदा बांध दिया, इसके बाद जीत के लिए जरूरी रन केवल 46 गेंदों का खेल शेष रहते ही 5 विकेट खोकर बना डाले। यूपी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच ध्रुव जुरेल ने रन आउट होने से पहले 96 गेंदों पर 5 छक्के व 9 चौकों की मदद से 123 रन बनाए। इतना ही नहीं अभिषेक गोस्वामी (4) के रूप में पहला विकेट सिर्फ 5 रनों पर गिर जाने के बाद सलामी बल्लेबाज आर्यन जुयाल (56) के साथ दूसरे विकेट के लिए 132 रनों की शानदार साझेदारी भी की। प्रियम गर्ग ने 24, जबकि कप्तान रिंकू सिंह ने 26 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए। मोहम्मद शमी और आकाशदीप की अनुभवी इंटरनेशनल पेसर्स जोड़ी इस मैच में फ्लॉप रही। दोनों को सिर्फ एक-एक सफलता ही मिली।
नहीं चली बंगाल की बल्लेबाजी
इससे पहले बल्लेबाजी करने वाली बंगाल की टीम ने अपनी ओपनिंग जोड़ी करन लाल (5) और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (28) को सिर्फ 37 रनों पर खो देने के बाद सुदीप कुमार घरामी ने 106 गेंदों पर एक छक्के और 12 चौकों की मदद से शानदार 94 रन बनाकर अपनी टीम को फिर से खड़ा करने की कोशिश की लेकिन दूसरे छोर से शहबाज अहमद (43) के अलावा उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। सुदीप जब छठवें विकेट के रूप में आउट हुए तब बंगाल की टीम 216 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। लेकिन आकाशदीप ने 33 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
जीशान अंसारी फिर रहे सबसे सफल गेंदबाज
यूपी के लिए इस टूर्नामेंट में सफलता की कुंजी साबित हुए लेग स्पिनर जीशान अंसारी ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बंगाल की टीम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। इस टूर्नामेंट के मौजूद सीजन में अब तक 7 मैचें में 21 विकेट ले चुके जीशान ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए। करन चौधरी व विप्रज निगम ने 36 रन देकर 2-2 विकेट लिए। एक-एक विकेट प्रशांतवीर और रिंकू सिंह के खाते में आया। आईपीएल के लिए 14.2 करोड़ में सीएसके की टीम का हिस्सा बनने वाले स्पिन ऑलराउंडर प्रशांतवीर को इस टूर्नामेंट में अब तक खेले गए 7 मैचों में सिर्फ 9 विकेट ही मिल सके हैं। हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 3 विकेट लिए थे, इसके बाद उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिल सकी।










