WTC फाइनल : चोकर्स का दाग मिटा दक्षिण अफ्रीका ने 27 साल बाद कोई आसीसी ट्रॉफी जीती

0
7

– विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में आस्ट्रेलिया को चौथे दिन के पहले ही सेशन में 5 विकेट से धो डाला

दक्षिण अफ्रीका ने सालों से लगे चोकर्स के दाग को ऐतिहासिक लार्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर धो डाला। उसने अपने देश के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का खिताब अपने नाम कर लिया। लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए डब्ल्यूटीसी फाइनल 2025 में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम के शतकीय प्रहार और अपने कप्तान टेम्बा बावुमा की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पैट कमिंस की ऑस्ट्रेलियाई टीम को 5 विकेट से मात दी। दक्षिण अफ्रीका ने 27 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी जीती है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 1998 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।

चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट खोए

ऑस्ट्रेलिया ने 282 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को चौथे दिन के पहले ही सेशन में ऐडन मार्करम और कप्तान टेम्बा बावुमा के साथ शतकीय साझेदारी की बदौलत हासिल कर लिया। टीम ने जब चौथे दिन का खेल शुरू किया तब उसका स्कोर दो विकेट पर 213 रन था और उसे जीत के लिए 69 रन की और जरूरत थी। टीम ने 83.4 ओवर में खिताब अपने नाम कर लिया। चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान टेम्बा बावुमा, ट्रिस्टन स्टब्स और ऐडन मार्करम के विकेट खोए।

मार्करम और बावुमा के बीच 147 रन की साझेदारी

दक्षिण अफ्रीका को मैच के चौथे दिन के पहले सेशन में कप्तान टेम्बा बावुमा के रूप में पहला झटका लगा। बावुमा 134 गेंद में 66 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान पैट कमिंस ने उन्हें कैच आउट करवाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 250 गेंद में 147 रन की साझेदारी हुई। ट्रिस्टन स्टब्स 43 गेंद में आठ रन बनाकर पवेलियन लौटे। स्टार बल्लेबाज ऐडन मार्करम 207 गेंद में 136 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने पिछली बार भारत को हराकर खिताब जीता था।

लॉर्ड्स में दर्ज की ऐतिहासिक जीत

खास बात ये रही कि लॉर्ड्स के 141 साल पुराने टेस्ट इतिहास में यह दूसरी सबसे बड़ा सफल रन चेज है। इससे पहले इतने बड़े लक्ष्य का पीछा कर जीत दर्ज करने का कारनामा केवल एक बार हुआ था।

लॉर्ड्स में सबसे बड़े सफल रन-चेज

342 – वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, 1984
282 – दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2025
282 – इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, 2004
277 – इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, 2022
216 – इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, 1965

सबसे बड़े रन चेज का भारत का रिकॉर्ड भी टूटा

इस यादगार जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय क्रिकेट टीम का 14 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। दरअसल, कउउ फाइनल मुकाबलों में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा कर जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड अब तक टीम इंडिया के नाम था। 2011 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 275 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। अब दक्षिण अफ्रीका ने 282 रनों का पीछा कर इस उपलब्धि को अपने नाम कर लिया है और ICC फाइनल मुकाबलों में सबसे बड़े टारगेट का पीछा कर जीत दर्ज करने वाली टीम बन गई है।

ICC फाइनल में हासिल किए गए सबसे बड़े टारगेट

282 – दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया, लॉर्ड्स, (ICC WTC फाइनल 2025)
275 – भारत बनाम श्रीलंका, मुंबई, (ICC ODI WC 2011)
265 – न्यूजीलैंड बनाम भारत, नैरोबी, (ICC CT 2000)
252 – भारत बनाम न्यूजीलैंड, दुबई, (ICC CT 2025)
246 – दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, ढाका, (ICC CT 1998)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here