– साईं सुदर्शन अपने पहले टेस्ट शतक से चूके, भारत के 2 विकेट पर 318 रन
यशस्वी जयसवाल (173) के नाबाद शतक और साईं सुदर्शन (87) के साथ दूसरे विकेट की साझेदारी में बने 193 रनों की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के लिए खेले जा रहे सीरीज के दूसरे मैच के पहले दिन 2 विकेट पर 318 रन बनाकर अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली थी। यशस्वी के साथ कप्तान शुभमन गिल (20) क्रीज पर थे।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस टेस्ट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहली बार टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। भारत ने इस मैच में भी पहले टेस्ट की एकादश ही उतारी है। यशस्वी जयसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की।
काफी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करने वाले राहुल को कैरेबियन लेफ्ट ऑर्म स्पिनर जोमेल वॉरिकन ने अपनी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने का लालच देकर फंसा लिया और राहुल गेंद को आगे बढ़कर उड़ाने के चक्कर में स्टम्प हो गए। राहुल ने एक छक्के और 5 चौकों की मदद से 38 रन बनाए। पहला विकेट जल्दी गिरने के यशस्वी जयसवाल और साईं सुंदर्शन ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों की जमकर क्लास ली। दोनों के बीच 306 गेंदों में 193 रनों की साझेदारी ने भारत को काफी मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।
सुदर्शन पर गिल लगातार विश्वास जता रहे थे, जिसका परिणाम में इस टेस्ट में उन्हें मिला। सुदर्शन ने चारों दिशाओं में अपने स्ट्रोक्स खेलकर रन बनाए। जब लगा रहा था कि वह आसानी से अपने पहले टेस्ट शतक तक पहुंच जाएंगे, तभी वारिकन की गेंद को विकेट के सामने पैड पर ले बैठे और आउट हो गए। उन्होंने अपनी शानदार पारी के दौरान 12 चौके भी जड़े। इस दौरान यशस्वी लगातार अपनी आक्रामक शैली में बल्लेबाजी कर रहे थे। जयसवाल ने ऑफ साइड पर ज्यादा अटैकिंग शॉट्स खेले। उनकी पारी के दौरान 22 बार गेंद ने सीमा रेखा पार की जिसमें 17 बाउंड्री ऑफ साइड में लगाई गई थीं।
सुदर्शन के बाद जायसवाल को कप्तान गिल से पूरा सपोर्ट मिला, जिससे रन तेज गति से बन रहे थे। इस दौरान उन्होंने पांचवीं बार टेस्ट में डेढ़ सौ के ऊपर अपनी पारी को पहुंचाने में कामयाबी हासिल की। इस मामले में अब उनसे आगे केवल डॉन ब्रैडमैन हैं, जिनके नाम आठ 150+ स्कोर थे। यशस्वी यह रिकॉर्ड आसानी से तोड़ सकते हैं, क्योंकि उनकी उम्र अभी सिर्फ 24 साल ही है। भारतीय पारी में गिरे दोनों विकेट जोमेल वॉरिकन ने लिए।










