यूथ वनडे : नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी के सबसे तेज शतक से भारत ने इंग्लैंड पर 3-1 से निर्णायक बढ़त

0
72

भारतीय क्रिकेट की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी (143) ने सिर्फ 52 गेंद में सबसे तेज यूथ वनडे शतक ठोक इंग्लैंड की अंडर-19 टीम पर 55 रनों से जीत दिलाते हुए भारत को 5 वन डे मैचों की सीरीज में 3-1 से निर्णायक बढ़त दिलवा दी। इस मुकाबले में सूर्यवंशी के अलावा भारत के लिए विहान मल्होत्रा (129) ने भी शानदार शतकीय पारी खेली। भारत ने इंग्लैंड के सामने नौ विकेट पर 363 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम रॉकी फ्लिंटॉफ (107) के शतक के बावजूद 45.2 ओवरों में सिर्फ 308 रन बनाकर आउट हो गई।

भारत के नौ विकेट पर 363 रनों के स्कोर में दो शतक आए। सूर्यवंशी ने 78 गेंद में बेमिसाल 143 और विहान मल्होत्रा ने 121 गेंद में 129 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 24 ओवरों में 219 रन जोड़े। इससे एक समय भारत का स्कोर 27 ओवर में एक विकेट पर 233 रन था और वे 400 से अधिक रन की ओर देख रहे थे लेकिन इंग्लैंड ने वापसी की, जिसमें जैक होम ने 63 रन देकर चार विकेट और सेबेस्टियन मॉर्गन ने 54 रन देकर तीन विकेट लिए।

जवाब में इंग्लैंड बेन डॉकिंस की 58 गेंद में 67 और जो मूर्स की 41 गेंद में 52 रनों की पारी से पहले विकेट के लिए बने 104 रनों के बावजूद 45.2 ओवर में 308 रनों पर ऑलआउट हो गया। रॉकी फ्लिंटॉफ ने 91 गेंद में 107 रन बनाए, लेकिन उनको अन्य किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज़ में 3-1 की बढ़त ले ली है और अब वे सोमवार को पांचवें मैच में उतरेंगे।

इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और आयुष म्हात्रे के रूप में उनको पहली सफलता मिली। इसके बाद सूर्यवंशी ने 13 चौकों और 10 छक्कों की मदद से सबसे कम उम्र के युवा वनडे शतक बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। सूर्यवंशी और मल्होत्रा की पूरी लय के कारण भारत 400 के पार जाता दिख रहा था, लेकिन इंग्लैंड ने 11 गेंदों में एक रन पर तीन विकेट चटकाकर वापसी की। बेन मेयस ने सूर्यवंशी को डीप में कैच कराकर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

इसके बाद मॉर्गन ने अगले ओवर में राहुल कुमार और हरवंश पंगलिया को लगातार गेंदों पर बोल्ड कर दिया। अभिज्ञान कुंडू ने 13 ओवरों में 93 रन की साझेदारी करके मल्होत्रा को फिर से पारी संवारने में मदद की, लेकिन अपने घरेलू मैदान पर अपने पहले स्पैल में कुछ दबाव झेलने के बाद होम ने तीन ओवरों में चार विकेट लेकर पारी के अंत में रन गति पर ब्रेक लगा दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने भी मजबूती से जवाब दिया था। मूर्स और डॉकिंस ने 14 ओवर में 104 रन जोड़े लेकिन नमन पुष्पक ने दो गेंद में दो विकेट लेकर भारत की वापसी कराई। मूर्स लांग ऑन पर लपके गए और मेयस पहली ही गेंद पर पगबाधा हो गए। डॉकिंस ने 41 गेंद में 50 रन पूरे किए और तेज़ी से रन बनाने के प्रयास में लांग ऑफ पर लपके गए।

फ्लिंटॉफ़ और रियू ने नौ ओवर में 60 रन जोड़े। फ्िंलटॉफ ने 41 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि रियू एक खराब तरीके से रन आउट हो गए। इसके बाद एक बहुत ही अलग तरह का रन आउट हुआ जब फ्लिंटॉफ के असंभव सिंगल के लिए कॉल किए जाने के बाद अल्बर्ट रन आउट हो गए। फ्लिंटॉफ और निचले क्रम को 10 ओवर में 105 रन बनाने थे। लैंकशर के खिलाड़ी फ्लिंटॉफ ने 88 गेंदों में शतक बनाया लेकिन अंत में भारत ने प्रभावशाली जीत हासिल की।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here