– टीम इंडिया ने 26 ओवर शेष रहते 6 विकेट से जीता मुकाबला
होव के ससेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब के ग्राउंड पर 14 साल के वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी से इंडिया अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ पांच मैचों की यूथ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले को आसानी के साथ 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। भारतीय जूनियर टीम ने मेजबान टीम को एक तरफा अंदाज में किस तरह धोया इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब यह मुकाबला खत्म हुआ उस समय भी 26 ओवर का खेल बाकी था।
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में इंडिया अंडर-19 टीम ने दौरे की शुरुआत काफी धमाकेदार तरीके से की। इंग्लैंड टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.2 ओवर्स में 174 रन बनाकर सिमट गई। इंग्लैंड के लिए रॉकी फ्लिनटॉफ (56) ने अर्द्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा इसाक मोहम्मद ने (42) रन बनाए, जबकि उनके 6 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा तक पार करने में भी कामयाब नहीं हो सके। टीम इंडिया के लिए कनिष्क चौहान ने 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा मोहम्मद एनान, आरएस अम्बरीश और हेनिल पटेल भी 2-2 विकेट लेने में कामयाब रहे।
वहीं जब टीम इंडिया की तरफ से टारगेट का पीछा करने के लिए कप्तान आयुष म्हात्रे (21) और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी मैदान पर उतरी तो दोनों खिलाड़ियों ने टीम को विस्फोटक शुरुआत देने के साथ मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। वैभव और आयुष के बीच पहले विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी हुई।
वैभव ने अपनी पारी के दौरान कुल 19 गेंदों का सामना किया जिसमें उसने 5 छक्के और 3 चौकों की मदद से 48 रनों की तूफानी पारी खेली। वैभव का बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट 252.63 का था। वैभव के पवेलियन लौटने के बाद अभिज्ञान कुंदु ने 34 गेंदों में 45 रनों की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाकर लौटे। अब दोनों टीमों के बीच यूथ वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 30 जून को खेला जाएगा।










