– दूसरा यूथ टेस्ट भारत ने 7 विकेट से जीता, दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया
– आस्ट्रेलिया में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की, मेजबान टीम को वन डे सीरीज में भी 3-0 से धोया था
भारत अंडर-19 टीम ने मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे यूथ टेस्ट मैच के दूसरे ही दिन ऑस्ट्रेलिया को उसके विकेट पर 7 विकेट से शिकस्त देते हुए सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया। पूरे दौरे के दौरान आस्ट्रेलिया में यह भारत की लगातार पांचवीं जीत भी रही। भारत ने आस्ट्रेलिया को वन डे सीरीज में भी 3-0 से हराया था।
बता दें कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियन अंडर-19 टीम पहले ही दिन 135 रनों पर ढेर हो गई थी। जवाब में भारत का टॉप ऑर्डर भी नहीं चला लेकिन टेलैंडर्स पहली पारी को 171 रन तक ले जाने में सफल रहे। 36 रनों की मामूली बढ़त भी इस लो स्कोरिंग मुकाबले में मेजबान टीम को भारी पड़ गई।
भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी का जनाजा निकालते हुए सिर्फ 116 रनों पर उसका पुलिंदा बांध दिया। इसके बाद भारत को जीत के लिए 81 रनों का मामूली लक्ष्य मिला, जो उसने 3 विकेट खोकर सिर्फ 12.2 ओवर में ही हासिल कर यह टेस्ट और सीरीज अपने नाम कर ली।
पहले टेस्ट में शानदार शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी के लिए यह टेस्ट अच्छा नहीं रहा। वह दूसरी पारी में पहली ही गेंद पर आउट हो गए। लेकिन वेदांत त्रिवेदी ने नाबाद 33 रन बनाकर भारत की जीत को आसान बना दिया। विहान मल्होत्रा ने 21 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे ने 13 रन बनाए। राहुल कुमार 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। टीम इंडिया ने ब्रिसबेन में टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले को पारी और 58 रनों से अपने नाम किया था।










