कानपुर। यूपी टी-20 लीग और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने ग्रीन पार्क स्टेडियम में काशी रुद्रास और नोएडा किंग्स के बीच शुक्रवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए लीग के 23वें मैच के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन पर तीन खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
लीग प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्रिकेट की गरिमा, खेल भावना और मैदान पर अनुशासन से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और मैदान के अंदर व बाहर पेशेवर मानकों को कायम रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके विपरीत किसी भी व्यवहार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है।
यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने कहा कि यूपीसीए और यूपी टी-20 लीग क्रिकेट की प्रतिष्ठा और खेल भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। खिलाड़ियों के लिए स्पष्ट आचार संहिता निर्धारित है और मैदान पर किसी भी ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा, जो खेल की गरिमा या अनुशासन के विपरीत हो।
उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ी इस खेल के प्रतिनिधि हैं और उनसे उच्च स्तर की पेशेवर मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। ये कार्रवाई खेल के निर्धारित मानकों और अनुशासन को सख्ती से लागू करने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को स्पष्ट करती है। यूपी टी-20 लीग और यूपीसीए ने दोहराया कि लीग का उद्देश्य प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना, सम्मान, अनुशासन और क्रिकेट की मर्यादा को मजबूत करना है।
मैच के दौरान काशी रुद्रास के अभिषेक गोस्वामी पर दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है। उन्हें लेवल-3 के ऑफेंस के तहत आचार संहिता की धारा 2.17 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह प्रावधान मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी अथवा किसी अन्य व्यक्ति के प्रति धमकी या हमले से संबंधित है। इसके लिए उन्हें एक मैच के निलंबन की सजा दी गई है। वह मेरठ मावेरिक्स के खिलाफ मैच नंबर-29 में काशी रुद्रास की ओर से नहीं खेल सकेंगे।
अभिषेक गोस्वामी पर इसके अलावा लेवल-1 के ऑफेंस के तहत धारा 2.3 के उल्लंघन के लिए भी कार्रवाई हुई। यह प्रावधान मैच के दौरान आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल से संबंधित है। इसके लिए उन पर मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
काशी रुद्रास के ही ऋषभ राजपूत पर लेवल-1 के ऑफेंस के तहत धारा 2.5 के उल्लंघन के लिए कार्रवाई की गई है। यह प्रावधान किसी बल्लेबाज के आउट होने के बाद ऐसी भाषा, हरकत या इशारे के इस्तेमाल से संबंधित है, जो उसे अपमानित करे अथवा आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकता हो। ऋषभ पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
वहीं, नोएडा किंग्स के कुणाल त्यागी को लेवल-1 के ऑफेंस के तहत धारा 2.4 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह प्रावधान मैच के दौरान अंपायर के निर्देश की अवहेलना से संबंधित है। कुणाल पर भी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। लीग प्रशासन ने कहा कि सभी संबंधित खिलाड़ियों को उनके खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी दे दी गई है।










