लखनऊ। सातवीं वरीय यूपी की आशी शमशेरी ने आइटा सीएस-7 (अंडर-18) बालक एवं बालिका टेनिस टूर्नामेंट में बालिका एकल में शीर्ष वरीय नीति संतोष दुबे के खिलाफ उलटफेर भरी जीत के साथ सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
आइटा सीएस-7 (अंडर-18) बालक व बालिका टेनिस टूर्नामेंट
बुधवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के दौरान कई रोमांचक नतीजे देखने को मिले जिसमें बालक एकल में फैज किदवई, मेहर सिंह खोसला, वंशराज जलोटा व अनुरुद्ध कुमार ने जीत दर्ज कर अंतिम चार में प्रवेश किया।
फैज, मेहर, वंशराज और अनुरुद्ध बालक एकल के सेमीफाइनल में
एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में बुधवार को बालक व बालिका एकल तथा बालक युगल के क्वार्टर फाइनल खेले गए। बालिका एकल क्वार्टर फाइनल में सातवीं वरीय यूपी की आशी शमशेरी ने शीर्ष वरीय यूपी की नीति संतोष दुबे को सीधे सेटों में 6-1, 6-0 से हराया। उन्होंने आक्रामक सर्विस और शानदार बेसलाइन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी पर लगातार दबाव बनाए रखा।

चौथी वरीय यूपी की ताशी किरण ने यूपी की आद्या भटनागर के खिलाफ 6-2, 6-0 से जीत दर्ज की। तीसरी वरीय यूपी की आइरा ने पांचवीं वरीय यूपी की ही श्रीप्रिया सिंघल को 6-0, 6-0 से शिकस्त दी। वहीं दूसरी वरीय मध्य प्रदेश की मनुस्मृति सिंह ने छठीं वरीय यूपी की वनीशा जादौन को 6-0, 6-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
बालक एकल क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय यूपी के फैज किदवई ने पांचवीं वरीय तेलंगाना के अंकित को 6-1, 6-1 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। तीसरी वरीय यूपी के मेहर सिंह खोसला ने कड़े मुकाबले में यूपी के रोहिन राज के खिलाफ 6-2, 6-4 से जीत दर्ज की।
अन्य मुकाबलों में चौथी वरीय यूपी के वंशराज जलोटा ने आठवीं वरीय महाराष्ट्र के निपुन चौहान को 6-4, 6-1 से और दूसरी वरीय यूपी के अनुरुद्ध कुमार ने सातवीं वरीय यूपी के विराट सिंह को 6-3, 6-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।

विशेष बात यह रही कि बालक एकल सेमीफाइनल में पहुंचने वाले फैज किदवई, मेहर सिंह खोसला, वंशराज जलोटा और अनुरुद्ध कुमार सभी एसडीएस टेनिस अकादमी के प्रशिक्षु हैं। वहीं अकादमी की आशी शमशेरी और ताशी किरण ने भी बालिका एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाकर मेजबान अकादमी का दबदबा कायम रखा।
बालक युगल क्वार्टर फाइनल में यूपी के देवांश विज व उत्तराखंड के अश्विन चौहान की जोड़ी ने चौथी वरीय छत्तीसगढ़ के अमोल अग्रवाल व महाराष्ट्र के निपुन चौहान को 6-1, 6-4 से हराकर उलटफेर किया। तीसरी वरीय यूपी के अर्जुन शर्मा व रोहिन राज ने समर्थ भटनागर व अमृत्य चौधरी को रोमांचक मुकाबले में सुपर टाईब्रेक तक खिंचे तीसरे सेट में 3-6, 6-2, 10-3 से हराया।
वहीं शीर्ष वरीय यूपी के फैज किदवई व मेहर सिंह खोसला ने मोहम्मद आरिज व अनय श्रीवास्तव को 6-2, 6-3 से पराजित किया। दूसरी वरीय यूपी के अनुरुद्ध कुमार व वंशराज जलोटा ने यूपी के रिशांत जायसवाल व आदित्य वैभव को 6-2, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।










