नई दिल्ली। बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की वनडे और टी20 टीम की घोषणा कर दी है। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली की वनडे टीम में वापसी हुई है।
हालांकि, इस बार रोहित कप्तान के तौर पर नहीं, बल्कि बल्लेबाज की भूमिका में दिखेंगे। बीसीसीआई ने युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी है, जबकि श्रेयस अय्यर उपकप्तान होंगे।
गिल फिलहाल टेस्ट टीम के कप्तान और टी20 टीम के उपकप्तान भी हैं। माना जा रहा है कि यह फैसला वनडे वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखकर लिया गया है।
रोहित शर्मा ने भारत के लिए 56 वनडे में कप्तानी की है, जिसमें 42 जीत और सिर्फ 12 हार मिलीं। उनके नेतृत्व में भारत 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा था। रोहित और कोहली 9 महीने बाद एक साथ मैदान पर उतरेंगे। दोनों आखिरी बार इस साल मार्च में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में खेले थे, जहाँ भारत ने खिताब जीता था।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीमित ओवरों की सीरीज 19 नवंबर से पर्थ में शुरू होगी। इस दौरे में टीम इंडिया तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलेगी। टी20 सीरीज का आगाज़ 29 अक्टूबर से होगा।
Click 🔽 for further detailshttps://t.co/1pkXPDvUvD
— BCCI (@BCCI) October 4, 2025
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज में आराम दिया गया है, जबकि वह टी20 में उतरेंगे। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल होने के कारण दोनों टीमों में शामिल नहीं हैं। ऋषभ पंत भी फिटनेस के कारण ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर रहेंगे।
टी20 टीम की कप्तानी एक बार फिर सूर्यकुमार यादव करेंगे, जबकि शुभमन गिल उपकप्तान होंगे। 22 वर्षीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की दोनों प्रारूपों में चयन हुआ है। वह अब तक कोई वनडे नहीं खेले हैं।
भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल
भारतीय टी20 टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर








