कानपुर। उत्तर प्रदेश के उभरते मध्यम तेज गेंदबाज अयान अकरम को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ आगामी मल्टी-डे मैचों के लिए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से घोषित टीम में चयनित अयान अकरम मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले हैं।
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ मल्टी-डे मैचों में दिखाएंगे दम
अपनी तेज और प्रभावी गेंदबाजी के दम पर जूनियर क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने बताया कि अयान अकरम फिलहाल उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम के कप्तान भी हैं।
2025-26 सत्र में भारतीय अंडर-19 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे अयान अकरम ने 37 विकेट अपने नाम किए। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें सबसे प्रभावशाली युवा तेज गेंदबाजों में शामिल किया।
अयान ने 2025-26 की कूच बिहार अंडर-19 ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी तेज गति और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर उत्तर प्रदेश ने लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की और नॉकआउट चरण में जगह बनाई।
अयान ने चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और आसाम के खिलाफ मुकाबलों में भी प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया। नवंबर 2025 में आयोजित अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में भी अयान उत्तर प्रदेश की ओर से चयनित एकमात्र खिलाड़ी थे। राष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट में उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
जूनियर क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन और तेज गेंदबाजी में निरंतर सुधार के चलते अयान ने अपनी अलग पहचान बनाई है। अब ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ भारतीय टीम का हिस्सा बनना उनके क्रिकेट करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच दो मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में, जबकि दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में होगा।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, सीईओ अंकित चटर्जी ने अयान अकरम के भारतीय अंडर-19 टीम में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अयान का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट के लिए गौरव की बात है। अयान ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शानदार गेंदबाजी के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
यूपीसीए युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतिस्पर्धी माहौल और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यूपीसीए लगातार काम कर रहा है। यूपीसीए के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि अयान भारतीय टीम के साथ भी अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ेंगे और भविष्य में देश की सीनियर टीम तक पहुंचने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेंगे।
भारतीय अंडर-19 मल्टी-डे टीम : यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय बिस्वास (विकेटकीपर), रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव।
कार्यक्रम:
पहला मल्टी डे : 27 से 30 सितंबर, राजकोट
दूसरा मल्टी डे : 5 से 8 अक्टूबर, अहमदाबाद (बी ग्राउंड)










