यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के दूसरे सीजन का बजा बिगुल, जनवरी 2027 में लखनऊ में भिड़ेंगी आठ टीमें

0
146

लखनऊ। पहले सीजन के सफल और रोमांचक आयोजन के बाद यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (यूपीपीएचएल) अब अपने दूसरे संस्करण के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाली इस लीग का दूसरा सीजन जनवरी 2027 में लखनऊ में खेला जाएगा।

लोगो का हुआ अनावरण, पहली बार लखनऊ की टीम होगी शामिल; विजेता को मिलेंगे तीन लाख रुपये

इस बार लीग में छह के स्थान पर आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें पहली बार लखनऊ की टीम भी शामिल होगी। इस बार विजेता टीम को 2.50 लाख रुपए व उपविजेता टीम को 1.50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा आइकॉनिक ओलंपिक गेम्स अकादमी की ओर से दोनों ही टीमों को 50-50 हजार रूपए का पुरस्कार दिया जाएगा।

इस संबंध में शुक्रवार को आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय (कार्यकारी निदेशक-हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया, सीईओ- यूपी प्रो हैंडबॉल लीग) ने लीग के लोगो का अनावरण किया। उन्होंने इस अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों के उत्कृष्ट 10 अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि पहले सीजन की सफलता ने दूसरे संस्करण को और अधिक भव्य एवं प्रतिस्पर्धी स्वरूप में आयोजित करने का विश्वास दिया है। मुझे विश्वास है कि दूसरा सीजन प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर अवसर देगा।

उन्होंने आगे कहा कि यूपी प्रो हैंडबॉल लीग का उद्देश्य केवल एक प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना है। पहले सीजन में हमें खिलाड़ियों, टीमों और खेल प्रेमियों से जिस तरह का समर्थन मिला, उसने हमें दूसरे संस्करण को और अधिक भव्य एवं पेशेवर स्तर पर आयोजित करने का विश्वास दिया है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और प्रदेश के साथ-साथ देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी समान अवसर मिलेगा। हमारा उद्देश्य उत्तर प्रदेश को हैंडबॉल का मजबूत केंद्र बनाना और इस लीग के माध्यम से नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।

दूसरे सीजन को और अधिक प्रतिस्पर्धी एवं पेशेवर बनाने के उद्देश्य से इस बार टीमों की संख्या बढ़ाकर आठ की गई है। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे, जिनमें 9 खिलाड़ी यूपी के होंगे जबकि 9 खिलाड़ी अन्य राज्यों एवं विभागों से होंगे।

लीग के संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय (कार्यकारी महासचिव- उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन) ने दूसरे सीजन की रुपरेखा साझा करते हुए कहा कि पहले संस्करण की विजेता मथुरा ब्रज स्टार, उपविजेता गोरखपुर राउडीज़, काशी किंग्स, नोएडा थंडर्स, गाजियाबाद पैंथर्स और बर्बरीक वारियर्स के अलावा इस बार दो नई टीमें भी लीग का हिस्सा होंगी, जिनमें लखनऊ व कन्नौज की भी टीमें होगी।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले वर्षों में यूपीपीएचएल को देश की अग्रणी हैंडबॉल लीग के रूप में स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। इस बार लखनऊ की टीम के जुड़ने से लीग का दायरा और व्यापक होगा।

अमित पाण्डेय ने लीग के नए लोगो की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि लोगो के मध्य में शील्ड (ढाल) का आकार सुरक्षा, शक्ति और प्रतिस्पर्धा की भावना का प्रतीक है। इसके भीतर हैंडबॉल खिलाड़ी की गतिशील आकृति खेल के जोश, ऊर्जा और कौशल को दर्शाती है।

शील्ड में केसरिया, सफेद और हरे रंग का संयोजन भारतीय तिरंगे से प्रेरित है, जो राष्ट्रीय गौरव और उत्तर प्रदेश की खेल संस्कृति को प्रतिबिंबित करता है। नीचे ‘UPPHL’ तथा ‘Uttar Pradesh Pro Handball League’ लीग की आधिकारिक पहचान को दर्शाते हैं।

इस अवसर पर आइकॉनिक ओलंपिक गेम्स अकादमी के प्रबंध निदेशक डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन) ने विजेता और उपविजेता टीम को अपनी ओर से 50-50 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

सह संस्थापक मोहम्मद तौहीद ने बताया कि लीग के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण 15 अगस्त 2026 से शुरू होगा। इसके बाद सितंबर और अक्टूबर में गोरखपुर, अयोध्या और लखनऊ में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर 2026 में वाराणसी में होगी।

प्रत्येक टीम को खिलाड़ियों की नीलामी के लिए 5 लाख रुपये का पर्स मिलेगा और कुल ऑक्शन पर्स 40 लाख रुपये का होगा। लीग में आठों टीमों के बीच राउंड रॉबिन आधार पर मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में प्रवेश करेंगी और प्लेऑफ मुकाबलों के बाद फाइनल खेलने वाली टीमों का फैसला होगा।

इस अवसर पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, लीग के सचिव यशवीर सिंह और उपाध्यक्ष चयंक प्रधान व प्रखर शुक्ला सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

सम्मानित खिलाड़ियों के नाम
• अनुज लैंगर (जम्मू), मोहित (दिल्ली), •नवीन बिद्दू (हरियाणा), रोहिताश (राजस्थान), • शिवा (बिहार), ताविया भावेश (गुजरात), ऋषिकेश (महाराष्ट्र), अंकित चौधरी (उत्तर प्रदेश), •अमित घंघास (भारतीय रेलवे), •रविंद्र सिंह (भारतीय रेलवे)।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here