लखनऊ। सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा (82 रन, 45 गेंद, 9 चौके, 4 छक्के) की तूफानी पारी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के पांचवें मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस के खिलाफ पहली पारी में अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर खड़ा किया।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दिन के दूसरे मैच में मेरठ ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 206 रन बनाए और गौर गोरखपुर लायंस के सामने जीत के लिए 207 रन का लक्ष्य रखा।
इस मुकाबले की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पाण्डेय ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाकर की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मंत्री मनोज पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को लेकर जिस तरह का उत्साह और प्रतिभा देखने को मिल रही है, वह निश्चित रूप से प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यूपी टी-20 लीग युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव भी दे रही है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलते हैं।
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग का सफर लगातार आगे बढ़ रहा है और इस सीजन में भी मुकाबलों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। हमारा प्रयास है कि लीग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के क्रिकेटरों को ऐसा मंच मिले, जहां वे अपनी मेहनत और क्षमता के दम पर आगे बढ़ सकें।
औपचारिक शुरुआत के बाद गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि मेरठ के सलामी बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाकर गोरखपुर के गेंदबाजों पर दबाव बनाया।
स्वास्तिक चिकारा और ऋतुराज शर्मा ने मेरठ को तेज शुरुआत दिलाई और 4.2 ओवर में टीम ने 50 रन पूरे कर दिए। पावरप्ले के छह ओवर में मेरठ का स्कोर बिना किसी नुकसान के 69 रन हो गया। सलामी जोड़ी के बीच 86 रन की शानदार साझेदारी को नौवें ओवर में निशांत ठाकुर ने तोड़ा। उन्होंने ऋतुराज शर्मा (44 रन, 30 गेंद, 5 चौके, दो छक्के) को आउट किया।
हालांकि चिकारा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए महज 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह यूपी टी-20 लीग में उनका 11वां अर्धशतक रहा। इसके अलावा उनके नाम लीग में चार शतक भी दर्ज हैं।
चिकारा ने अक्षय दुबे (29) के साथ 62 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और मेरठ की रन गति बनाए रखी। हालांकि गौर गोरखपुर लायंस ने 16वें ओवर में टीम को झटका दिया जब राहुल शर्मा ने लगातार दो विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अक्षय दुबे को आउट करने के बाद दिव्यांश जोशी को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने चिकारा का साथ दिया। चिकारा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए यूपी टी-20 लीग में 100 छक्के पूरे करने की खास उपलब्धि हासिल की। वह लीग में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले यह कारनामा कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी कर चुके हैं।
चिकारा की शानदार पारी का अंत 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर हुआ। उन्हें तीरथ सिंह की गेंद पर आर्यन जुयाल ने विकेट के पीछे कैच लपककर आउट किया। इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने तेजी से रन बटोरे और 12 गेंदों पर 25 रन की उपयोगी पारी खेली। दिव्यांश राजपूत (13) ने भी अंतिम ओवरों में रन गति बढ़ाई।
स्वास्तिक चिकारा ने पूरे किए 100 छक्के, लीग में ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज
स्वास्तिक यूपी टी-20 लीग में 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनका लीग में 36वां मुकाबला है। मैच से पहले उनके नाम 97 छक्के थे और आज की पारी में तीसरा छक्का लगाते ही उन्होंने छक्कों का शतक पूरा कर लिया। चिकारा ने अपनी पारी में कुल चार छक्के जड़े, जिससे उनके नाम अब लीग में 101 छक्के हो गए हैं।
स्वास्तिक यूपी टी-20 लीग में 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी ने हासिल की थी। समीर ने रविवार को खेले गए पहले मैच में अपने 35वें मुकाबले में 106 छक्कों का आंकड़ा छुआ था।










