पांचवें बड़े मंगल पर हैंडबॉल खिलाड़ियों के भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0
129

लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगल के अवसर पर लखनऊ जिला हैंडबॉल एसोसिएशन की ओर से केडी सिंह बाबू स्टेडियम के गेट नंबर-19 पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। हैंडबॉल के सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों के सहयोग से आयोजित भंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल मैदान की जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक और धार्मिक सेवा कार्य में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

भंडारे की शुरुआत मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय (महासचिव, यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन), विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी सहित उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय और राष्ट्रीय हैंडबॉल कोच मोहम्मद तौहीद ने पूजा अर्चना और प्रसाद वितरण के साथ की।

फिर खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया तथा व्यवस्थाओं का संचालन संभाला। देर शाम तक चले भंडारे में बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं आयोजन स्थल पर दिनभर श्रद्धा, सेवा और समर्पण का माहौल बना रहा। धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता के इस आयोजन ने बड़े मंगल के उत्सव को और अधिक जीवंत बना दिया।

आज भंडारे के दौरान पीलीभीत के क्रीड़ाधिकारी राजेश गौड़, फतेहपुर के क्रीड़ाधिकारी सुनील भारती, लखनऊ जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव डॉ सुमंत पाण्डेय, पूर्व राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी राकेश भट्ट, जिम्नास्टिक कोच रविकांत यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन, हैंडबॉल खिलाड़ी, कोच तथा खेल प्रेमी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here