चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी की जीत में दिलबाग खान का हरफनमौला खेल

0
8

लखनऊ। दिलबाग खान (दो विकेट, 50 रन) के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन की मदद से चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में मानव रचना आईआईआरएस फरीदाबाद को पांच विकेट से शिकस्त दी।

नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27

वहीं पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने कुमाऊं यूनिवर्सिटी को छह विकेट से हराया, जबकि सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय को 11 रन से पराजित किया।

पंजाबी यूनिवर्सिटी व सरदार पटेल यूनिवर्सिटी की भी शानदार जीत

एलयू के परांजपे क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में मानव रचना आईआईआरएस फरीदाबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिवाकर ठाकुर (59) के अर्धशतक से निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 148 रन बनाए। चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी की ओर से दिलबाग खान और बादल ने दो-दो विकेट हासिल किए।

जवाब में चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी ने 18.2 ओवर में पांच विकेट पर 149 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में दिलबाग खान ने गेंदबाजी के बाद बल्ले से भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 38 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।

दीपक सिंह की आतिशी पारी से पंजाबी यूनिवर्सिटी विजयी

आरआर क्रिकेट स्टेडियम पर पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने कुमाऊं यूनिवर्सिटी को छह विकेट से हराया। कुमाऊं यूनिवर्सिटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए उपेन राजपूत (72) और मुकुल कुमार (53) के अर्धशतकों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 172 रन बनाए। पंजाबी यूनिवर्सिटी की ओर से दलीव कुमार गोयल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने 18 ओवर में चार विकेट पर 177 रन बनाकर जीत दर्ज की। टीम की जीत के नायक दीपक सिंह रहे, जिन्होंने केवल 19 गेंदों पर चार चौके और चार छक्के की मदद से 41 रन की तेजतर्रार पारी खेली। वासुदेव पांचाल ने 39, जसकीरत सिंह ने 37 और राहुल सक्सेना ने नाबाद 23 रन बनाकर जीत में योगदान दिया।

आदित्य गुलेरिया के 80 रन से सरदार पटेल यूनिवर्सिटी की जीत

गोमतीनगर स्थित रुद्रांश क्रिकेट अकादमी मैदान पर सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय को 11 रन से हराया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाए। टीम की ओर से आदित्य गुलेरिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्कों की मदद से 80 रन की पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 150 रन ही बना सकी। कपिल ने 45 और राज टोपवाल ने 37 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सरदार पटेल यूनिवर्सिटी की ओर से अरमान और मोहित ने दो-दो विकेट हासिल किए।

एलयू के परांजपे क्रिकेट मैदान पर कश्मीर यूनिवर्सिटी ने बिलाल भट्ट (64) और हुरैर सैफी (51) के अर्धशतकों की मदद से बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी को 86 रन से हराया। कश्मीर यूनिवर्सिटी ने पांच विकेट पर 194 रन बनाए, जवाब में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी की टीम 19 ओवर में 108 रन पर सिमट गई।

अन्य मुकाबलों में एमडीयू रोहतक ने गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी को नौ विकेट से शिकस्त दी, जबकि सीडब्ल्यूसी यूनिवर्सिटी मोहाली ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी को 32 रन से हराया।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ने गीता यूनिवर्सिटी को 147 रन से, गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने एफएस यूनिवर्सिटी को 20 रन से, पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी ने एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी को 104 रन से, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को सात विकेट से और जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी ने हरियाणा सेंट्रल यूनिवर्सिटी को 34 रन से शिकस्त दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here