यूपी हैंडबॉल एसोसिशन के पूर्व उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह का निधन, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल परिवार ने दी श्रद्धांजलि

0
11

लखनऊ। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष एवं बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ विधायक उमाशंकर सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

उनके निधन से उत्तर प्रदेश हैंडबॉल परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। खेलों के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए संघ ने इसे प्रदेश के खेल जगत की अपूरणीय क्षति बताया। वहीं, उनके निधन से राजनीतिक जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई।

उमाशंकर सिंह ने उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष के रूप में खेल के विकास, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और प्रदेश में हैंडबॉल गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और खिलाड़ियों के हित में किए गए प्रयासों को हैंडबॉल परिवार हमेशा याद रखेगा।

उनकी स्मृति में लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की ओर से शोक सभा आयोजित की गई। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरी एवं संघ के पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उमाशंकर सिंह का हैंडबॉल खेल के प्रति समर्पण और खिलाड़ियों के लिए उनका सहयोग सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल के विकास और प्रचार-प्रसार में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही है।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुँवर फतेह बहादुर सिंह ने अपने प्रेषित संदेश में कहा कि उमाशंकर सिंह का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here