स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ छावनी में निकलेगी ‘हर घर तिरंगा साइकिल रैली’

0
6

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और फिटनेस का संदेश देने के लिए लखनऊ छावनी में शुक्रवार, 14 अगस्त को भव्य ‘हर घर तिरंगा साइकिल रैली’ निकाली जाएगी। हेडक्वार्टर, मध्य यूपी सब एरिया, लखनऊ कैंटोनमेंट के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में पेडल यात्री एसोसिएशन एवं स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया सहयोगी की भूमिका निभाएंगे।

भारतीय सेना के साथ साइकिलिस्ट लगाएंगे देशभक्ति का जोश, फिटनेस और एकता का देंगे संदेश

रैली में भारतीय सेना के अधिकारी एवं जवानों के साथ पेडल यात्री एसोसिएशन और स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया से जुड़े बड़ी संख्या में साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर लखनऊ छावनी के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और फिटनेस का संदेश देंगे।

रैली में शामिल होने वाले प्रतिभागियों का असेंबली टाइम सुबह 5:45 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि सुबह 6 बजे रैली को रवाना किया जाएगा। रैली का प्रारंभ और समापन हेडक्वार्टर मध्य यूपी सब एरिया के मेन गेट, लखनऊ रोड से होगा। लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी यह तिरंगा साइकिल रैली लखनऊ छावनी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी।

आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ युवाओं और नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही नियमित साइकिलिंग को बढ़ावा देकर लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी दिया जाएगा।

पेडल यात्री एसोसिएशन एवं स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया ने लखनऊ के सभी साइकिल प्रेमियों से इस गौरवपूर्ण आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। प्रतिभागियों से अपनी साइकिल और तिरंगे के साथ रैली में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बनाने का आह्वान किया गया है।

‘राइड विद प्राइड, कैरी द तिरंगा, इंस्पायर द नेशन’ के संदेश के साथ आयोजित होने वाली यह रैली लखनऊ छावनी में राष्ट्रप्रेम, फिटनेस और एकता का संदेश देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here