भारत और पाकिस्तान होंगे अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने

0
112

– सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका और पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में प्रवेश किया

दुबई में शुक्रवार को खेले गए बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल मुकाबलों को जीतने वाली भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल खेला जाएगा। दुबई के आईसीसी अकेडमी ग्राउंड पर भारत और श्रीलंका की टीम के बीच सेमीफाइनल मुकाबला बारिश के चलते से 20-20 ओवर्स का खेला गया, जिसे भारत ने 12 गेंदों का खेल शेष रहते 8 विकेट से जीत लिया। दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बारिश की वजह से 27-27 ओवरों का कर दिए गए मुकाबले में बांग्लादेश को 63 गेंदों का खेल शेष रहते 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत 21 दिसंबर को पाकिस्तान से होगी।

पहले सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 138 रनों का स्कोर बनाया। श्रीलंका की तरफ से चमिका हीनतिगाला के बल्ले से 42 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। वहीं भारत की तरफ से गेंदबाजी में हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा खिलान पटेल, किशन कुमार सिंह और दीपेश देवेंद्रन ने 1-1 विकेट लिए।

आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी जल्दी आउट हो गए
भारतीय टीम ने 139 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18 ओवर्स में 2 विकेट के नुकसान पर टारगेट का पीछा कर लिया। टीम इंडिया की तरफ से टारगेट का पीछा करते हुए आरोन जॉर्ज के बल्ले से 58 रनों की पारी तो वहीं विहान मल्होत्रा के बल्ले से 61 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली। एक वक्त जब वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे जल्दी आउट हो गए, तब भारतीय टीम मुश्किल में दिख रही थी, लेकिन इसके बाद एरॉन जार्ज और विहान ने मजबूती देते हुए टीम को जीत तक पहुंचा ही दिया।

बता दें कि दुबई में जबरदस्त बारिश और मैदान गीला होने के कारण मैच देर से शुरू हुआ था, इसलिए इसे 20 ओवर का कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम ने 20 ओवर में 138 रन बनाए थे। इस तरह से भारत के सामने केवल 139 रनों का ही टारगेट था। लेकिन जब भारतीय टीम का स्कोर केवल 25 रन था तब तक कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट चुके थे।

एरॉन जार्ज और विहान मल्होत्रा ने की शानदार बल्लेबाजी
इसके बाद एरॉन जार्ज और विहान मल्होत्रा ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। पहले दो विकेट जल्दी गिरने के बाद दोनों ने बिना किसी नुकसान के टीम को जीत तक पहुंचा दिया और अपने अपने पचासे भी पूरे किए। एरॉन जार्ज ने 48 गेंदों पर 54 रनों की पारी खेली, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था, वहीं विहान मल्होत्रा ने 45 गेंदों पर 61 रन ठोक दिए। उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। दोनों अंत तक आउट नहीं हुए। दूसरे सेमीफाइनल जो कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच था, बारिश के कारण 27 ओवर का हो गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 121 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद पाकिस्तान ने 16.3 ओवर में ही दो विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here