भारतीय अंडर 19 वर्ल्ड कप स्क्वाड में वैभव सूर्यवंशी शामिल, साउथ अफ्रीका दौरे पर कप्तानी भी करेंगे

0
76

भारतीय टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता कृष्णमचारी श्रीकांत ने एक दिन पहले ही 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को टी-20 वर्ल्ड कप की टीम में शामिल करने को कहा था। सूर्यवंशी को सीनियर टीम में तो नहीं लेकिन अगले माह होने वाले आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप की भारतीय टीम में जरूर जगह मिल गई है। यानि जूनियर तेंदुलकर का सीनियर टीम में जगह बनाने का सफर शुरू हो गया है।

साउथ अफ्रीका दौरे पर सूर्यवंशी होंगे कप्तान
भारतीय अंडर 19 टीम को साल 2026 में जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका का दौरा करना है, जहां पर उसे तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज मेजबान टीम के खिलाफ खेलनी है। बीसीसीआई की तरफ से इस तीन मैच की सीरीज के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई है, जिसके पीछे उन्हें ये जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर बोर्ड की तरफ से कारण भी बताया गया है।

आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप 15 जनवरी से
आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप का आयोजन इस बार जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 15 जनवरी से होगी। इस मेगा टूर्नामेंट के लिए बीसीसीआई ने भारतीय अंडर 19 स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जिसमें आयुष म्हात्रे को जहां कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, तो वहीं वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है। इसके अलावा विहान मल्होत्रा उपकप्तानी की जिम्मेदारी को संभालेंगे। टीम इंडिया को टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 15 जनवरी को यूएसए की टीम के खिलाफ खेलना है।

टीम इंडिया का ग्रुप स्टेज में होगा इन टीमों से सामना
भारतीय अंडर 19 टीम को आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप में ग्रुप-ए में यूएसए, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीम के साथ जगह मिली है, जिसमें पहला मुकाबला 15 जनवरी को जहां टीम इंडिया को यूएसए के खिलाफ खेलना है, तो वहीं दूसरे मैच में टीम इंडिया का सामना 17 जनवरी को बांग्लादेश की टीम से होगा। इसके बाद ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला भारतीय अंडर 19 टीम 24 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी। टीम इंडिया अपने सभी ग्रुप स्टेज के मैच जिम्बाब्वे के बुलवायो स्टेडियम में खेलेगी।

आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश सिंह, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ आयुष के फिट न होने पर वैभव को जिम्मेदारी
बीसीसीआई की तरफ से 27 दिसंबर को अंडर 19 वर्ल्ड कप के साथ साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज के लिए भी टीम का ऐलान कर दिया गया है। वहीं बीसीसीआई ने वैभव सूर्यवंशी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए कप्तान बनाए जाने के पीछे की बड़ी वजह को लेकर जानकारी दी कि आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा अभी कलाई में लगी चोट के चलते इस सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। आयुष और विहान दोनों को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस अपनी चोट को लेकर रिपोर्ट करेंगे और उसके बाद वह आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप से पहले स्क्वाड के साथ जुड़ जाएंगे।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया का स्क्वाड
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आरोन जॉर्ज (उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन, युवराज गोहिल, राहुल कुमार।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here