भारत की धमाकेदार जीत: केएल राहुल, जुरेल व जडेजा के शतकों ने दिखाया कमाल

0
40

अहमदाबाद। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट मैच में पारी और 140 रनों से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने तीसरे दिन के दूसरे सत्र में ही जीत अपने नाम कर ली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में मात्र 162 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 448 रन बनाकर पारी घोषित की।

वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट मैच में पारी और 140 रनों से हराया

इस तरह मेजबान टीम ने 286 रनों की मजबूत बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में कैरेबियाई टीम भारत की गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और 146 रन पर ढेर हो गई।

भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया की ओर से केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रविंद्र जडेजा ने शतकीय पारियां खेलीं।

केएल राहुल ने 197 गेंदों पर सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 100 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने 210 गेंदों में 125 रनों की शानदार पारी खेली। रविंद्र जडेजा ने 176 गेंदों पर नाबाद 104 रन जोड़े और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

वहीं गेंदबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने वेस्टइंडीज को कोई मौका नहीं दिया। मोहम्मद सिराज ने दोनों पारियों में मिलाकर 7 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा ने 4-4 विकेट हासिल किए। जसप्रीत बुमराह को 3 विकेट मिले, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 2 विकेट झटके।

दूसरी ओर वेस्टइंडीज की दोनों पारियों में बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। पहली पारी में टीम के लिए जस्टिन ग्रीव्स (32), शाई होप (26) और रोस्टन चेज़ (24) ही थोड़ा टिक पाए। दूसरी पारी में भी वही कहानी दोहराई गई।

एलिक एथानाजे (38), ग्रीव्स (25) और जेडन सील्स (22) की छोटी-छोटी पारियों की बदौलत टीम 146 रन तक पहुंच सकी।

वेस्टइंडीज का आखिरी विकेट जेडन सील्स के रूप में गिरा और भारत ने बड़ी जीत के साथ मैच अपने नाम किया। दोनों टीमों के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला अब 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here