अजीत की आतिशी पारी, अभिनंदन-विप्रज की गेंदबाजी से लखनऊ फाल्कन्स प्लेऑफ में

0
12

कानपुर। अजीत वर्मा (75 रन) की आतिशी पारी के बाद अभिनंदन सिंह व विप्रज निगम (3-3 विकेट) की उपयोगी गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में गौर गोरखपुर लायंस को 24 रन से शिकस्त दी।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

इस जीत के साथ लखनऊ फाल्कन्स नौ मैचों में पांच जीत के साथ 11 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार लखनऊ के अजीत वर्मा को मिला।

गौर गोरखपुर लायंस को 24 रन से हराया

ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेली जा रही लीग के रविवार को 26वें मैच में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 170 रन का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में गोरखपुर की टीम निर्धारित ओवर में 146 रन पर आल-आउट हो गयी। मैच की औपचारिक शुरुआत कानपुर जोन की एडीजीपी अनुपमा कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस अवसर पर एडीजीपी अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने प्रदेश में क्रिकेट को नई पहचान देने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच प्रदान किया है। ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर इस तरह के मुकाबले खेलना खिलाड़ियों के लिए गौरव की बात है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर चरण में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह लीग की लोकप्रियता को दर्शाता है। ग्रीन पार्क में होने वाले मुकाबले खिलाड़ियों के साथ दर्शकों के लिए भी खास अनुभव लेकर आ रहे हैं।

इस अवसर पर पूर्व टेस्ट क्रिकेटर गोपाल शर्मा, ग्रीन पार्क स्टेडियम के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी करनवीर सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, वेन्यू मैनेजर संजय तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

गौर गोरखपुर लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मोहम्मद सैफ चार रन बनाकर दूसरे ओवर में राहुल शर्मा की गेंद पर आर्यन चौधरी को कैच दे बैठे। आराध्य यादव ने नौ गेंदो पर 13 रन बनाए लेकिन तीसरे ओवर में वासु वत्स की गेंद पर शिवम चौधरी को कैच थमा बैठे।

हिमांशु सिंह छह रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके चलते लखनऊ तीन विकेट पर 29 रन बनाकर मुश्किल में फंस गई थी। इसके बाद बल्लेबाजी को उतरे अजीत वर्मा ने प्रतिद्वंद्वी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। इसी बीच प्रियम गर्ग (13) अपना विकेट गंवा बैठे।

फिर अजीत ने कृतज्ञ सिंह के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 64 गेंदों पर 109 रन की शानदार साझेदारी कर लखनऊ को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अजीत वर्मा ने 45 गेंदों पर 8 चौके व तीन छक्के की सहायता से नाबाद 75 रन की पारी खेली जबकि कृतज्ञ ने 31 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाए।

कृतज्ञ आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर प्रिंस यादव की गेंद पर शिवम शर्मा को कैच थमा बैठे जिसके चलते लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 170 रन बनाए। गोरखपुर की ओर से शिवम शर्मा ने दो विकेट चटकाए।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर निर्धारित ओवर में 146 रन पर सिमट गयी और जीत से 24 रन दूर रह गयी। टीम 32 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गयी थी। सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह (1) व आर्यन चौधरी (4) को अभिनंदन सिंह ने वापस पवेलियन भेजा।

टीम ने पांचवें ओवर में दो विकेट गंवाए। शिवम चौधरी ने 23 रन बनाए जबकि सिद्धार्थ यादव 2 रन ही बना सके। फिर प्रिंस यादव ने 36 गेंदों पर एक चौके व पांच गगनचुंबी छक्कों की मदद से 49 रन बनाए लेकिन अर्धशतक से एक रन पहले आउट हो गए। उनकी पारी का अंत अभिनंदन सिंह ने सुधांशु के हाथों कैच लपकवाकर किया।

पार्थ पालावत 19 रन बनाकर आउट हुए। वहीं निशांत कुशवाहा (15), निशांत ठाकुर (6) और वासु वत्स (4) के विकेट विप्रज निगम ने चटकाए। लखनऊ की ओर से अभिनंदन सिंह ने 32 रन व विप्रज निगम ने 17 रन देकर तीन-तीन विकेट चटकाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here