विश्व योगासन चैंपियनशिप में लखनऊ के रूप किशोर ने रचा इतिहास

0
7

लखनऊ। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत लखनऊ के योग साधक रूप किशोर ने अहमदाबाद में आयोजित पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

45-55 आयुवर्ग में सीनियर सुपाइन में स्वर्णिम सफलता से बढ़ाया यूपी का गौरव

45-55 वर्ष आयुवर्ग की सीनियर सुपाइन व्यक्तिगत स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 38.84 अंक अर्जित कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इस वर्ग में नेपाल के खिलाड़ी ने रजत व उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

47 साल के रूप किशोर की इस सफलता ने भारत को पदक तालिका में शीर्ष स्थान की ओर बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। योग साधना से जुड़े रूप किशोर ने पिछले कई वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में रजत सहित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चार स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्होंने विश्व योगासन चैंपियनशिप तक का सफर तय किया।

लखनऊ में योग गुरु डॉ. मालविका वाजपेयी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले रूप किशोर ने अनुशासित अभ्यास और निरंतर मेहनत के बल पर विश्व मंच पर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।

रूप किशोर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, परिवार और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। उनका लक्ष्य आने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भी भारत के लिए पदक जीतना है।

रूप किशोर की सफलता के साथ उत्तर प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों ने भी विश्व योगासन चैंपियनशिप में स्वर्णिम प्रदर्शन कर भारत को पदक तालिका में शीर्ष स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

चैंपियनशिप में प्रवीण पाठक ने सीनियर आर्टिस्टिक ग्रुप इवेंट, आकाश शर्मा ने सीनियर स्पाइन बॉडी इवेंट, अनिका राणा ने सब जूनियर ट्रेडिशनल इवेंट, इंदु मथुरिया ने सीनियर रिदमिक व ट्रेडिशनल ग्रुप और आर्यांशी स्वामी ने सीनियर आर्टिस्टिक पेयर व ग्रुप इवेंट में स्वर्णिम सफलता हासिल की।

इन खिलाड़ियों के स्वर्णिम प्रदर्शन की बदौलत भारत पदक तालिका में सर्वोच्च स्थान पर रहा। इन खिलाड़ियों ने भी विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के दौरान योग गुरु डॉ. मालविका वाजपेयी से प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया है।

रूप किशोर सहित उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय, कोषाध्यक्ष डा.सैयद रफत जुबैर रिजवी, लखनऊ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के चेयरमैन सुधीर हलवासिया व अध्यक्ष पवन सिंह चौहान (एमएलसी) ने बधाई दी।

सभी ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता प्रदेश में योगासन खेल के बढ़ते स्तर और प्रशिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here