– यशस्वी जयसवाल ने ठोका ताबड़तोड़ नाबाद अर्धशतक
– सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने इंग्लैंड की पहली पारी 247 पर रोकी
– भारत ने अपनी पहली पारी में बनाए 224 रन, इंग्लैंड के एटकिंसन ने खोला पंजा
लंदन के ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पांचवां मुकाबला दूसरे दिन 15 विकेट गिरने के साथ बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है।भारत की पहली पारी के 224 रनों के जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 247 रन बना 23 रनों की मामूली बढ़त हासिल की। इसके बाद भारत ने अपनी दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज के एल राहुल (7) और साईं सुदर्शन (11) के विकेट खोकर 75 रन बना लिए थे।
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी में उसकी सलामी जोड़ी जैक क्राॅउली और बेन डकेट ने 92 रन जोड़कर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दी। लेकिन आकाश दीप ने बेन डकेट (43) को लौटाकर इंग्लैंड की पारी की कुंडली ही बदल दी। कप्तान ओली पोप 22 , जो रूट 29 जैकब बैथल 6 और जेमी स्मिथ 8 रन बनाकर आउट हो गए।
इंग्लैंड की ओर से जैक क्रॉउली ने सर्वाधिक 64 रन बनाए। क्राॅउली ने लंच से पहले ही अर्धशतक पूरा कर लिया था। लेकिन इसके बाद मेजबान टीम के विकेटों का तेजी के साथ पतन हुआ।
चायकाल के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड का आठवां विकेट गस ऐटकिंस (11) के रूप में गिरा। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट किया। 247 के स्कोर पर सिराज ने हैरी ब्रूक को बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी का अंत किया। हैरी ब्रूक ने 64 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। चोटिल क्रिस वोक्स बल्लेबाजी के लिए नहीं आये। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 16.2 ओवर में 86 रन देकर चार विकेट लिये। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने 16 ओवर में 62 रन देकर चार विकेट झटके। एक बल्लेबाज को आकाश दीप ने आउट किया।
भारत ने दूसरी पारी में दमदार शुरुआत की। हालांकि राहुल 28 गेंदों में सात रन बनाकर जाॅश टंग की गेंद पर स्लिप पर कैच हुए, जबकि साई सुदर्शन 29 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें एटिंकसन ने एलबीडब्ल्यू किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर यशस्वी जायसवाल 51 और नाइटवाचमैन आकाश दीप 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। फिलहाल भारत ने 52 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
दूसरे दिन का पहला सेशन इंग्लैंड के नाम रहा, लेकिन भारत ने दूसरे सेशन में दमदार वापसी की और इस सेशन को जीता। पहले सेशन में भारतीय टीम ने पहले आधे घंटे में ही अपने चार विकेट खो दिए और टीम 224 पर ऑल आउट हो गई। भारत 20 रन ही अपने ओवरनाइट स्कोर में भारत जोड़ सका। पहले दिन के खेल के बाद स्कोर 204/6 था। भारत के लिए करुण नायर (57) ने अर्धशतक जड़ा, जबकि इंग्लैंड के लिए एस एटकिंसन ने पांच विकेट लिए।
इंग्लैंड की टीम चार मैचों के बाद 2-1 से आगे है। दूसरे दिन के खेल को देखते हुए यह मैच अब काफी दिलचस्प हो चुका है। बता दें कि इसी मैच के रिजल्ट से यह फैसला होगा कि इंग्लैंड की टीम यह सीरीज जीतेगी या भारतीय टीम सीरीज 2-2 से बराबर कर पाएगी। इंग्लैंड के लिए इस मैच में आगे समस्या ये होगी कि क्रिस वोक्स अब उनके लिए उपलब्ध नहीं हैं। चोट के कारण ये पेसर टेस्ट मैच से बाहर हो गया है।










