नाइट वॉचमैन के रूप में आए आकाश दीप (66) ने भारत को ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया। लंदन के ओवल में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें व अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन शानदार आकाश दीप ने अपनी अर्द्धशतकीय पारी के दौरान इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और अपने स्ट्रोक्स बेखौफ होकर खेले। लंच से कुछ मिनट पहले आउट होने वाले आकाश दीप ने यशस्वी जयसवाल (नाबाद 85) के साथ तीसरे विकेट पर 107 रन जोड़ इस मैच की सबसे बड़ी साझेदारी भी की। लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 189 रन बनाकर 166 रन की बढ़त ले ली थी। समय की मांग के मुताबिक यशस्वी जयसवाल भी नियंत्रित पारी खेलकर शतक की ओर बढ़ रहे थे।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में केएल राहुल और साई सुदर्शन जल्दी आउट होने के बाद आकाश को नाइटवॉच मैन के तौर पर भेजा गया और उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान सिर्फ 94 गेंदें खेलते हुए 12 शानदार चौक्के भी जड़े। उन्हें ओवर्टन ने अपनी एक शॉर्ट गेंद पर कैच करवाया। लंच ब्रेक के समय कल के नाबाद बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल (85) के साथ कप्तान शुभमन गिल (11) क्रीज पर थे।
आकाश दीप ने डिफेंस और अटैक में बराबर का संतुलन कायम रखते हुए शतकीय साझेदारी के दौरान यशस्वी जयसवाल से ज्यादा योगदान किया। 66 रन बनाने वाले आकाश दीप 2011 के बाद नाइटवॉच मैन के तौर पर फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने पहले भारतीय हैं। उनसे पहले अमित मिश्रा ने साल 2011 में नाइटवॉच मैन के तौर पर 84 रनों की पारी खेली थी। अमित के बाद 14 सालों तक नाइटवॉच मैन के तौर पर कोई भी भारतीय फिफ्टी प्लस स्कोर नहीं बना पाया था।
आकाश दीप का इस मैच से पहले टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 31 रन था। अब वह उसे पीछे छोड़ चुके हैं और उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया है। वह भारतीय टीम के लिए अभी तक 10 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उनके बल्ले से 150 रन निकले हैं। इसके अलावा वह 27 विकेट भी ले चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में आकाश दीप ने 40 मैचों में 574 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक शामिल था। वहीं 28 लिस्ट-ए मैचों में 140 रन बनाए थे।









