ओवल टेस्ट : यशस्वी के शतक ने दिखाई जीत की राह, अंतिम ओवर में सिराज ने क्रॉउली का विकेट उखाड़ा

0
78

-नाइट वॉचमैन आकाश दीप, रवीन्द्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने अर्द्धशतक जड़ इंग्लैंड को परेशानी में डाला
– भारत ने इंग्लैंड के सामने रखा 374 रनों का लक्ष्य, इंग्लैंड के दूसरी पारी में एक विकेट पर 50 रन

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल के शतक और आकाश दीप, रवीन्द्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर व ध्रुव जुरेल की शानदार पारियों के तीसरे दिन के आखिरी ओवर में मोहम्मद सिराज की जादुई यॉर्कर से मिले जैक क्रॉउली के विकेट ने अंतिम टेस्ट में भारत की जीत की उम्मीदों को जीवित कर दिया है। लंदन के केनिंगटन ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे पांचवें टेस्ट में अपनी दूसरी पारी में 396 रन बनाने वाली भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 374 रनों का लक्ष्य रखा है। इसके जवाब में मेजबान टीम ने तीसरे दिन स्टम्प तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 50 रन बना लिए थे। जैक क्रॉउली (14) सिराज की गेंद पर बोल्ड हुए, जबकि बेन डकेट 34 रन बनाकर खेल रहे हैं।

यशस्वी का सीरीज की पहली और अंतिम पारी में शतक

भारत के लिए दूसरी पारी में यशस्वी जयसवाल ने सर्वाधिक 118 रन बनाए। यशस्वी ने लीड्स में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट की पहली पारी में भी शतक लगाया था। उन्होंने सीरीज की अपनी अंतिम पारी में भी शतक ठोक बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। इंग्लैंड की ओर से जोश टंग ने 125 रन देकर 5 पांच विकेट लिए। एटकिंसन ने तीन और ओवर्टन ने दो विकेट लिए।

यशस्वी और आकाश ने की मैच की सबसे बड़ी साझेदारी

जेमी ओवर्टन ने आकाशदीप को जब आउट किया तब तक वह 94 गेंद में 66 रन की बेहद महत्वपूर्ण पारी खेल चुके थे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 12 चौक्के भी जड़े। आकाश और यशस्वी के बीच तीसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी हुई। लंच ब्रेक के बाद की पहली ही गेंद पर कप्तान शुभमन गिल (11) को एटकिंसन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद करुण नायर भी सिर्फ 17 रन बनाकर आउट हो गए।

पाकिस्तान के अम्पायर ने सिराज को गलत आउट दिया

यशस्वी जयसवाल 164 गेंद में 118 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 छक्के और 14 चौक्के लगाए। ध्रुव जुरेल 34 और रवीन्द्र जडेजा ने 53 रन का योगदान दिया, जबकि सिराज खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि उनको पाकिस्तान के अम्पायर अहसान रजा ने गलत आउट दिया। भारत के पास कोई रिव्यू नहीं बचा था, इसलिए सिराज को लौटना पड़ा। रिप्ले में साफ दिखाई दे रहा था कि अहसान रजा ने टंग की जिस गेंद पर सिराज को एलबीडब्ल्यू करार दिया वह बल्ले का मोटा एज लेकर पैड से टकराई थी।

वाशिंगटन सुंदर की तूफानी पारी

वॉशिंगटन सुंदर ने 46 गेंद में ताबड़तोड़ 53 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और इतने ही चौक्के भी जड़े। भारत का जब नौंवा विकेट गिरा उस समय स्कोर 357 रन था। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने चार लम्बे छक्के जड़कर तेजी के साथ 39 रन बना डाले। याद दिला दें कि सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को पहली पारी में 247 पर रोका और फिर शानदार बल्लेबाजी करके दूसरी पारी में 373 रन की बढ़त हासिल की।

आकाश दीप ने ली इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर

इससे पहले नाइट वॉचमैन के रूप में आए आकाश दीप ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने अपने स्ट्रोक्स बेखौफ अंदाज में खेले। लंच से कुछ मिनट पहले आउट होने वाले आकाश दीप ने यशस्वी जयसवाल के साथ तीसरे विकेट पर 107 रन जोड़ इस मैच की सबसे बड़ी साझेदारी भी की। लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 189 रन बनाकर 166 रन की बढ़त ले ली थी। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में केएल राहुल और साई सुदर्शन जल्दी आउट होने के बाद नाइटवॉच मैन के तौर पर आकाश दीप को भेजा गया था। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया। उन्हें ओवर्टन ने अपनी एक शॉर्ट गेंद पर कैच करवाया।

किसी भारतीय नाइट वॉचमैन ने 2011 के बाद ऐसा किया

आकाश दीप की बल्लेबाजी को देख कभी ऐसा नहीं लगा कि वह निचले क्रम के बल्लेबाज हैं। डिफेंस और अटैक में बराबर का संतुलन कायम रखते हुए उन्होंने शतकीय साझेदारी में यशस्वी जयसवाल से ज्यादा योगदान किया। आकाश दीप 2011 के बाद नाइटवॉच मैन के तौर पर फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने पहले भारतीय हैं। उनसे पहले अमित मिश्रा ने साल 2011 में नाइटवॉच मैन के तौर पर 84 रनों की पारी खेली थी।

आकाश दीप ने अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर किया

आकाश दीप का इस मैच से पहले टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 31 रन था। लेकिन अब उनका बेस्ट स्कोर 66 हो गया है। वह भारतीय टीम के लिए अभी तक 10 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उनके बल्ले से 150 रन निकले हैं। इसके अलावा वह 27 विकेट भी ले चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में आकाश दीप ने 40 मैचों में 574 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक शामिल था। वहीं 28 लिस्ट-ए मैचों में 140 रन बनाए थे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here