आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की मिनी नीलामी में खिलाड़ियों पर जमकर धनवर्षा हुई। आगरा के ताज कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नीलामी में 250 से अधिक खिलाड़ियों पर बोली लगी।
शुभम गौतम पर 21.50 लाख की दूसरी सबसे बड़ी बोली, 250 से अधिक खिलाड़ियों पर लगी बोली
अनुभवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और आईपीएल स्टार कर्ण शर्मा इस नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। पांच लाख रुपये के बेस प्राइस वाले मेरठ के कर्ण शर्मा को कानपुर सुपरस्टार्स ने 23 लाख रुपये में अपनी टीम से जोड़ा।

नीलामी में दूसरी सबसे बड़ी बोली बुलंदशहर के तेज गेंदबाज शुभम गौतम पर लगी। मात्र 2.50 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले शुभम को नोएडा किंग्स ने 21.50 लाख रुपये में खरीदा। यूपीसीए के स्पीड हंट कार्यक्रम से पहचान बनाने वाले शुभम ने इस मिनी नीलामी में सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। वहीं मेरठ के बल्लेबाज शिवम चौधरी को गौर गोरखपुर लायंस ने 21 लाख रुपये में खरीदा।
इसके अलावा मोहम्मद शारिम और शिवा सिंह पर भी फ्रेंचाइजी ने बड़ा दांव खेला। दोनों खिलाड़ियों को 17.50-17.50 लाख रुपये में खरीदा गया। मोहम्मद शारिम काशी रुद्रास जबकि शिवा सिंह नोएडा किंग्स का हिस्सा बने।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित इस मिनी नीलामी का संचालन सुप्रसिद्ध ऑक्शनर अंगद बेदी ने किया।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने युवा खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने और उन्हें अगले स्तर तक पहुँचाने में मदद करने के लिए यूपी टी20 लीग की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह यूपी टी20 लीग का चौथा संस्करण है, और पिछले तीन सीजन में इसने जो प्रभाव छोड़ा है, वह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग हमारे लिए कभी सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं रही। शुरुआत से ही हमारा उद्देश्य उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों के लिए अवसर पैदा करना और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का मंच देना रहा है।
उन्होंने बताया कि नीलामी में लखनऊ फाल्कंस ने समीर चौधरी को 11.75 लाख रुपये में खरीदा, जबकि नोएडा किंग्स ने शोएब सिद्दीकी को 11.25 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया। कानपुर सुपरस्टार्स ने यशोवर्धन सिंह व प्रियांशु पाण्डेय को 6.60 लाख रुपये में खरीदा।
वहीं काशी रुद्रास ने विजय यादव को 5.20 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा, जबकि नोएडा किंग्स ने अंचित यादव को उनके बेस प्राइस पांच लाख रुपये में खरीदा। मेरठ मावेरिक्स ने करण चौधरी और कुणाल यादव को पांच-पांच लाख रुपये में अनुबंधित किया। वहीं काशी रुद्रास ने वैभव चौधरी को भी पांच लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
नीलामी के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया चेयरमैन मोहम्मद फहीम, जिला क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
नीलामी में कानपुर सुपर स्टार्स ने मोहम्मद अमान और शिवम बंसल, नोएडा किंग्स ने शौर्य सिंह, दीपक राजपूत, रजत संसेरवाल, वंश जबकि लखनऊ फाल्कंस ने कार्तिकेय सिंह, रोहित द्विवेदी, सुधांशु सोनकर, यशु प्रधान को उनके बेस प्राइस 3.50 लाख रुपये में खरीदा।
वहीं ढाई लाख रुपये के बेस प्राइस वर्ग में कानपुर सुपर स्टार्स ने अजय कुमार और लखनऊ फाल्कंस ने कृष्ण कुमार सरोज को उनके बेस प्राइस 2.50 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।










