भारत-अफगानिस्तान वनडे के लिए इकाना स्टेडियम में तैयारियां तेज

0
10

लखनऊ। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का दूसरा मुकाबला 17 जून को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ता जा रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मैच के टिकट 599 रुपये से उपलब्ध होंगे, जबकि प्रीमियम श्रेणी के टिकट 25,000 रुपये तक खरीदे जा सकेंगे।

15 जून तक लखनऊ पहुंचेंगी दोनों टीमें, टिकट 599 रुपये से मिलेगा

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम धर्मशाला में पहला वनडे खेलने के बाद 15 जून की शाम तक लखनऊ पहुंच जाएगी। वहीं अफगानिस्तान की टीम के भी इसी दिन शहर पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि दोनों टीमें 16 जून को इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। इसके बाद 17 जून को दोनों टीमों के बीच श्रृंखला का दूसरा वनडे मुकाबला खेला जाएगा।

यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला ने बताया कि मैच के टिकटों की शुरुआती कीमत 599 रुपये निर्धारित की गई है, ताकि अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचकर मुकाबले का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि प्रीमियम श्रेणी के टिकट 25,000 रुपये तक उपलब्ध होंगे। टिकटों की कीमत मांग और उपलब्धता के अनुसार परिवर्तित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि जून की भीषण गर्मी को देखते हुए दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टेडियम परिसर में आने वाले दर्शकों को मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें गर्मी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

यूपीसीए के मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम ने कहा कि एसोसिएशन एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की सफल मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों को एक यादगार अनुभव मिलेगा और भविष्य में भी इकाना स्टेडियम को बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी का अवसर मिलता रहेगा।

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर शहर के क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है। दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ियों को एक्शन में देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here