– फॉलोऑन तो बचा पर खतरा बरकरार, बढ़त के लिए 117 रन की और जरूरत
– तमिलनाडु की पहली पारी के 455 के जवाब में यूपी के 339 पर 6 विकेट गिरे
– तीसरे दिन के पहले दो सत्रों में मिडिल ऑर्डर बिखरा, रिंकू-मावी ने संभाला
कोयंबटूर में तमिलनाडु और यूपी के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबला दिलचस्प स्थिति में पहुंच गया है। एलीट ग्रुप ए के इस संघर्ष में सिर्फ एक दिन का खेल बचा है और दोनों टीमों के दरम्यान अब पहली पारी में बढ़त हासिल करने के लिए रस्साकसी चल रही है। इस सीजन अपने दूसरे शतक की दहलीज तक पहुंच चुके रिंकू सिंह एक बार फिर संकटमोचक की भूमिका में विकेट पर खूंटा गाड़ चुके हैं। दरअसल वे ही यूपी की अंतिम उम्मीद भी हैं।
रिंकू सिंह और शिवम मावी की शतकीय साझेदारी ने करवाई वापसी
होम विकेट पर तमिलनाडु ने टॉस जीतकर 455 रनों का जो विशाल स्कोर खड़ा किया था, यूपी भी उसको पार करने की जद्दोजहद में गिरते-पड़ते 339 रनों तक पहुंच चुकी है। लेकिन उसके 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं, जबकि लीड से वह अब भी 117 रन की दूरी पर है। 5 विकेट 191 रनों पर गिर गए तब यूपी की उम्मीद मुट्ठी से रेत की तरह फिसलती दिखी लेकिन रिंकू सिंह ने शिवम मावी के साथ छठे विकेट लिए 104 और उसके बाद शिवांश शर्मा (नाबाद 18) के साथ 39 रनों की अटूट साझेदारी कर संघर्ष फिर जिंदा कर दिया।
अभिषेक और आर्यन की साझेदारी टूटते ही संकट में फंसी टीम
पहले दो सत्रों के खेल ने साफ कर दिया था कि यूपी इस मैच में पहली पारी में लीड लेने की स्थिति में नहीं है। लेकिन रिंकू सिंह और शिवम मावी ने अहम् मौके पर शतकीय साझेदारी कर टीम को मैच में वापस ला खड़ा किया। बल्लेबाजों ने पहले तो फॉलोऑन का खतरा खत्म किया और अब 456 के लक्ष्य के पीछे लग चुके हैं। हालांकि पहले सेशन में यूपी ने अभिषेक गोस्वामी (79) और आर्यन जुयाल (43) जब तक क्रीज पर थे, सब ठीक चल रहा था। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी बड़ा आकार लेती नजर आ रही थी। लेकिन फिर यूपी ने एक रन के भीतर ही अभिषेक और आर्यन के विकेट गंवा दिए। लेफ्ट आर्म स्पिनर पी. विद्युत ने ये दोनों कीमती विकेट निकाल यूपी को पिछले पांव पर ला खड़ा किया।
कप्तान करन शर्मा और आराध्य यादव सस्ते में लौटे
इसके बाद यूपी ने लंच व चाय के बीच कप्तान करन शर्मा (11) और आराध्य यादव (4) के विकेट खोकर मैच में अपनी स्थिति और कमजोर कर ली। लंच के बाद रिंकू सिंह तो एक छोर संभाले रहे लेकिन दूसरे एंड से करन शर्मा और आराध्य यादव अपना विकेट न बचा सके। टी ब्रेक पर यूपी की पहली पारी 254/5 के स्कोर पर बुरी तरह लड़खड़ा रही थी। 3 विकेट पर 149 रन के स्कोर पर बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू सिंह (नाबाद 98, 256 गेंदें, 3 छक्के, 9 चौके) और शिवम मावी (54, 62 गेंद, 1 छक्का, 7 चौके) ने रेस्क्यू शुरू किया और स्टंप्स तक मैच में जरूरी अंक लेने की संभावनाएं भी जिंदा रखीं। आन्ध्र प्रदेश के खिलाफ नाबाद 165 रनों की पारी खेलकर यूपी को पहली पारी में बढ़त दिलाने वाले रिंकू सिंह एक बार फिर उसी भूमिका में नजर आ रहे हैं। रिंकू सिंह और नागालैंड के सामने ताबड़तोड़ शतक लगाने वाले शिवम मावी के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी ने पारी को ढहने से बचा लिया।
अंतिम सत्र में एक विकेट खोकर 85 रन बनाए
अंतिम सत्र में यूपी ने शिवम मावी का विकेट और गंवाया लेकिन इस दौरान अपने स्कोर में 85 रन का और इजाफा किया। यूपी के तीसरे दिन गिरे 5 में से तीन विकेट पी. विद्युत और दो मीडियम पेसर सरवन कुमार ने लिए। यूपी के लिए अंतिम दिन का खेल रिंकू सिंह और शिवम शर्मा की जोड़ी के कंधों पर टिका है। पहला घंटा दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण साबित होने जा रहा है। रिंकू और शिवम की जोड़ी जब तक क्रीज पर रहेगी यूपी के लिए पहली पारी में बढ़त लेने की संभावनाएं भी तब तक जिंदा रहेंगी।
मौके बार-बार नहीं मिलते
दरअसल पहले दिन के शुरुआती ओवरों के खेल में यूपी टीम के पास मैच शिकंजे में जकड़ने का अचानक जो सुनहरा मौका आया था, वो अगले दो सत्रों में उसी तेजी से निकल भी गया। मौके बार-बार मिलते भी नहीं। उसके बाद मैच की स्क्रिप्ट बाबा इन्द्रजीत, आन्द्रे सिद्धार्थ और गुरुस्वामी अजितेश ने ड्राफ्ट की। रही सही कसर यूपी के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन से पूरी हो गई।









