– मेजबान टीम के 455 रनों के जवाब में यूपी ने एक विकेट पर 87 रन बनाए, माधव कौशिक सस्ते में पवेलियन लौटे
– कार्तिक यादव ने पंजा खोल और अजितेश ने 86 रन बना अपने फर्स्ट क्लास डेब्यू को यादगार बनाया
कोयंबटूर में दूसरा दिन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने वाले दो खिलाड़ियों के नाम रहा। तमिलनाडु के नवोदित बल्लेबाज गुरुस्वामी अजितेश ने 86 रनों की शानदार पारी खेली लेकिन वे दुर्भाग्यवश अपने पहले ही प्रथम श्रेणी मैच में शतक बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल होने से कुछ रनों से चूक गए। दूसरी ओर यूपी के लेफ्ट ऑर्म स्पिनर कार्तिक यादव अपने डेब्यू मैच में 5 विकेट लेकर छा गए। हालांकि वे तमिलनाडु को पहली पारी में 455 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने से नहीं रोक सके।
अभिषेक गोस्वामी अर्द्धशतकीय पारी के साथ नाबाद
इसके बाद एलीट ग्रुप ए के रणजी ट्रॉफी मुकाबले में यूपी ने अच्छा जवाब देते हुए सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी (नाबाद 54) के शानदार अर्द्धशतक की मदद से दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट पर 87 रन बना लिए थे। अभिषेक के साथ आर्यन जुयाल 8 रन बनाकर खेल रहे थे। यूपी ने आज माधव कौशिक (21) का विकेट 73 रनों पर खो दिया था। हालांकि रनों का पहाड़ खड़ा कर मेजबान टीम ने यूपी के सामने कठिन चुनौती पेश कर दी है। अब इस मुकाबले में पहली पारी की लीड ही महत्वपूर्ण साबित होगी, क्योंकि अगले दो दिनों में कोई निर्णय निकलना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।
तीसरे दिन के पहले दो सत्रों का खेल अहम्
इस मैच में पहले सत्र के शानदार प्रदर्शन के बाद यूपी के आक्रमण की धार मानो कुंद सी पड़ गई और तमिलनाडु के बल्लेबाजों ने बढ़िया रिकवरी कर अपनी टीम को एक ऐसा स्कोर दे दिया, जहां से उसके गेंदबाज मेहमान बल्लेबाजी पर दबाव बना सकते हैं। यूपी के पास बल्लेबाजी की गहराई है, इसलिए अभी यह नहीं कहा जा सकता कि पलड़ा किस टीम का भारी है। वैसे तीसरे दिन के पहले दो सत्र इस मुकाबले के लिए काफी अहम् साबित होने जा रहे हैं। अगले दो सत्रों में काफी कुछ तस्वीर साफ हो जाएगी कि ऊट किस करवट बैठ सकता है।
बाबा इन्द्रजीत टीम को संकट से निकाल लाए
सुबह तमिलनाडु ने 5 विकेट पर 282 रनों से आगे खेलना शुरू किया था। कल 128 रनों पर नाबाद बाबा इन्द्रजीत ने अजितेश के साथ मिलकर स्कोर को आगे बढ़ाना शुरू किया। लेकिन 331 के कुल स्कोर पर कार्तिक यादव ने इन्द्रजीत को एलबीडब्ल्यू करवाकर मेजबान टीम को छठा झटका दिया। इन्द्रजीत 149 रनों पर आउट हुए। इन्द्रजीत जब कल इंजरी के बाद दोबारा खेलने उतरे थे तब टीम का स्कोर 4 विकेट पर 71 रन था। उन्होंने टीम को न केवल संकट से उबारा बल्कि आन्द्रे सिद्धार्थ और अजितेश के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां करके मैच में तमिलनाडु की स्थिति को काफी मजबूत भी कर दिया।
अजितेश और सोनू यादव के बीच शतकीय साझेदारी
इसके बाद अजितेश और सोनू यादव (44) के बीच 106 रनों की साझेदारी ने तमिलनाडु के स्कोर को 437 तक पहुंचा दिया। अजितेश को कार्तिक ने करन शर्मा के हाथों कैच करवाया। अजितेश ने अपनी पारी के दौरान 153 गेंदों का सामना किया और एक छक्का व 9 चौके जड़े। तमिलनाडु ने अपने अंतिम 4 विकेट 18 रनों पर गंवा दिए। कार्तिक यादव ने 5, जबकि कुणाल त्यागी और आकिब खान ने 2-2 व करन शर्मा ने 1 विकेट लिया।










