रिंकू के 30 रन, जीशान के तीन विकेट, मेरठ ने कानपुर को 19 रन से दी शिकस्त

0
12

लखनऊ। बल्लेबाजों के तूफानी प्रदर्शन के बाद मैन ऑफ द मैच लेग स्पिनर जीशान अंसारी (3/12) की सधी गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने बारिश से प्रभावित यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मैच में कानपुर सुपरस्टार्स को 19 रन से शिकस्त दी।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

मेरठ ने इसी के साथ लीग में अजेय रहते हुए सातवीं जीत दर्ज की और टेबल टॉपर बनी रही। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहा मंगलवार को दिन का पहला मैच बारिश के चलते समय से शुरू नहीं हो सका और मैदान का निरीक्षण करने के बाद पांच-पांच ओवर का मैच कराने का फैसला किया जिसकी शुरुआत शाम 6 बजे हुई।

मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 96 रन का स्कोर बनाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स की टीम निर्धारित ओवर में तीन विकेट पर 77 रन ही बना सकी।

मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के वन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस अवसर पर मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने प्रदेश में क्रिकेट के माहौल को नई ऊर्जा दी है। लीग के माध्यम से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और उच्च स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलती है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को मजबूत मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य साजिद उमर व सहारनपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव यश पाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

औपचारिक शुरुआत के बाद कानपुर सुपरस्टार्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। हालांकि पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ मावेरिक्स ने 29 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा ने पांच गेंदों पर एक चौके व एक छक्के से 11 रन बनाए। उन्हें अजय कुमार ने दूसरे ओवर में क्लीन बोल्ड करते हुए पवेलियन वापस भेजा।

इसी ओवर में रितुराज शर्मा (16 रन, 4 गेंद, एक चौका, दो छक्के) अजय कुमार की गेंद पर शॉट खेलने के चक्कर में सत्यम सांगू को कैच थमा बैठै। इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 10 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 30 रन ठोक डाले। रिंकू चौथे ओवर में कानपुर के कर्ण शर्मा की गेंद पर विनीत पंवार को कैच थमा बैठै।

अंतिम ओवरों में दिव्यांश जोशी ने सात गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए जबकि दिव्यांश राजपूत ने नाबाद 14 रन की पारी खेली जिसकी बदौलत मेरठ ने निर्धारित पांच ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 96 रन का स्कोर बनाया। कानपुर की ओर से अजय कुमार ने 2 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए।

जवाब में 97 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपर स्टार्स की टीम को सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह (28 रन, 8 गेंद, 2 चौके, 3 छक्के) और समीर रिजवी (22 रन, 13 गेंद, 1 चौके, 2 छक्के) ने तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि चौथे ओवर तक टीम मजबूत स्थिति में दिख रही थी, लेकिन जीशान अंसारी की धारदार गेंदबाजी ने पूरा मैच पलट दिया।

जीशान ने अपने 2 ओवरों के स्पेल में केवल 12 रन खर्च कर कानपुर के तीन प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और उनकी रन गति पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया। जीशान ने समीर रिजवी (22), आदर्श सिंह (28) और सत्यम सांगू (0) को आउट किया। कानपुर की टीम निर्धारित 5 ओवरों में 3 विकेट खोकर 77 रन ही बना सकी और मेरठ मावेरिक्स ने 19 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मेरठ मावेरिक्स के जीशान अंसारी को मिला।

रिंकू का आखिरी विकेट लेकर कर्ण शर्मा ने ली विदाई, गार्ड ऑफ ऑनर के बीच क्रिकेट को कहा अलविदा

लखनऊ। भारतीय क्रिकेट के अनुभवी लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने मंगलवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अपने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट करियर को भावुक विदाई दी। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में कानपुर सुपरस्टार्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच खेले गए मुकाबले में मैदान पर उतरते समय खिलाड़ियों ने कर्ण शर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।

कर्ण शर्मा की विदाई को खास बना दिया उनके आखिरी विकेट ने। मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने महज 10 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 30 रन की तूफानी पारी खेली। इसके बाद चौथे ओवर की पांचवी गेंद पर कर्ण शर्मा ने रिंकू सिंह को आउट कर दिया। इस तरह रिंकू का विकेट कर्ण शर्मा के प्रतिस्पर्धी क्रिकेट करियर का आखिरी विकेट बन गया।

मुकाबले के बाद यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कर्ण शर्मा को विशेष स्मृति चिह्न भेंट कर क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।

मैदान पर साथी खिलाड़ियों का गार्ड ऑफ ऑनर और सम्मान समारोह कर्ण शर्मा के लिए भावुक पल रहा। डॉ. संजय कपूर ने इस अवसर पर कहा कि कर्ण शर्मा का भारतीय और घरेलू क्रिकेट में योगदान शानदार रहा है। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से एक लंबी और प्रभावशाली पारी खेली है।

उनके आखिरी मैच का हिस्सा बनना और उन्हें सम्मानित करना हमारे लिए गौरव का क्षण है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि क्रिकेट से जुड़े उनके अनुभव का लाभ यूपी टी20 लीग में खेल रहे नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी मिलता रहेगा।

कर्ण शर्मा ने अपने लंबे क्रिकेट करियर में घरेलू क्रिकेट के साथ भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल में भी अपनी पहचान बनाई। लेग स्पिन के दम पर उन्होंने कई मौकों पर टीम को अहम विकेट दिलाए और मुश्किल परिस्थितियों में अपनी उपयोगिता साबित की।

कर्ण शर्मा के लिए आखिरी मुकाबले का संयोग भी बेहद खास रहा। जिस मैदान पर उन्होंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट को अलविदा कहा, वहीं आखिरी मैच में उन्होंने आक्रामक बल्लेबाज रिंकू सिंह का विकेट लेकर अपने क्रिकेट सफर का अंतिम अध्याय पूरा किया।

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को पांच-पांच ओवर का कर दिया गया था। मेरठ मावेरिक्स ने मुकाबला 19 रन से जीता, जबकि जीशान अंसारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here