रिजवी-स्टब्स की साझेदारी, घर में LSG को झटका, दिल्ली की शानदार जीत

0
27
BCCI

आईपीएल 2026 में इकाना स्टेडियम पर अपने पहले ही घरेलू मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को हार झेलनी पड़ी। दिल्ली कैपिटल्स ने शुरुआती झटकों के बावजूद समीर रिजवी के नाबाद अर्धशतक और ट्रिस्टन स्टब्स के साथ उनकी मैच जिताऊ साझेदारी के दम पर छह विकेट से जीत दर्ज कर ली।

आज मैच में तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और टी नटराजन की धारदार गेंदबाजी के बाद समीर रिजवी की शानदार बल्लेबाजी ने दिल्ली कैपिटल्स को मुश्किल परिस्थितियों से उबारते हुए जीत दिलाई।

इस तरह दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार वापसी करते हुए अपने अभियान की जीत से शुरुआत की, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को घरेलू मैदान पर पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

दिल्ली ने  लखनऊ सुपर जायंट्स के 142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 26 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद भी 17.1 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दिल्ली की जीत के हीरो समीर रिजवी रहे, जिन्होंने इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरते हुए 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के और पांच चौके शामिल रहे।

उनके साथ ट्रिस्टन स्टब्स ने 32 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाते हुए बेहतरीन साथ निभाया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 110 रन की अटूट साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर केएल राहुल शून्य पर आउट हो गए। मोहम्मद शमी की गेंद पर उन्होंने डीप प्वाइंट पर मोहसिन खान को कैच थमाया। इसके बाद नितीश राणा (15) ने कुछ आक्रामक शॉट जरूर लगाए, लेकिन मोहसिन की गेंद पर स्लिप में कैच आउट हो गए।

पथुम निसांका (1) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और प्रिंस यादव की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच दे बैठे। इसी ओवर में कप्तान अक्षर पटेल (0) बोल्ड हो गए। पावर प्ले में दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 33 रन रहा।

इसके बाद रिजवी और स्टब्स ने पारी को संभाला। रिजवी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए एनरिक नॉर्टजे की गेंद पर विकेट के पीछे छक्का जड़कर टीम का अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने शाहबाज अहमद के ओवर में लगातार तीन चौके लगाकर दबाव कम किया।

रिजवी ने एडेन मार्कराम की गेंदों पर छक्का और चौका जड़ते हुए 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 14वें ओवर तक दिल्ली का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया।

अंतिम पांच ओवरों में दिल्ली को 29 रन की जरूरत थी, जिसे रिजवी ने आसानी से हासिल कर लिया। उन्होंने मोहसिन खान पर चौके-छक्के लगाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया और अंत में अब्दुल समद की गेंद पर छक्का जड़कर जीत दिलाई।

इससे पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करने वाली दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। लुंगी एनगिडी ने 27 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि टी नटराजन ने 29 रन देकर तीन विकेट झटके। कुलदीप यादव ने भी दो अहम विकेट हासिल किए।

लखनऊ की शुरुआत धीमी रही और तीसरे ओवर में कप्तान ऋषभ पंत (7) रन आउट हो गए। मिचेल मार्श ने कुछ आक्रामक शॉट्स खेलते हुए 35 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और दो चौके शामिल थे। एडेन मार्कराम (11) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए।

आयुष बदोनी बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि निकोलस पूरन (8) को एनगिडी ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद मार्श भी कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हो गए और टीम का स्कोर 71 रन पर पांच विकेट हो गया।

मध्यक्रम में अब्दुल समद (36) और मुकुल चौधरी (14) ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 34 रन की साझेदारी हुई, लेकिन कुलदीप ने मुकुल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।

समद ने नटराजन पर चौका और छक्का लगाया, लेकिन बड़े शॉट की कोशिश में बाउंड्री पर डेविड मिलर को कैच दे बैठे। नटराजन ने इसी ओवर में मोहम्मद शमी को भी आउट किया। अंत में एनगिडी ने एनरिक नॉर्टजे और मोहसिन खान को आउट कर लखनऊ की पारी का समापन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here