शुभमन गिल का शतक, जडेजा की फिरकी में उलझी वेस्टइंडीज पर फॉलोऑन का खतरा

0
57

– भारत ने 5 विकेट पर 518 रन बनाकर पारी घोषित की, वेस्टइंडीज के पहली पारी में 4 विकेट पर 140 रन
– चार में से तीन विकेट लेने वाले रवीन्द्र जडेजा की फिरकी के जाल में फंसते नजर आ रहे कैरेबियाई बल्लेबाज

शुभमन गिल के शतक और फिर रवीन्द्र जडेजा की शानदार गेंदबाजी की मदद से भारत ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे व अंतिम दिन वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच अपने शिकंजे की पकड़ और मजबूत कर ली। शनिवार को स्टम्प के समय भारत के 5 विकेट पर 518 रन पर पारी घोषित करने के बाद वेस्टइंडीज के टीम 4 विकेट पर 140 रन बनाकर फॉलोआन के खतरे से संघर्ष कर रही थी। शाई होप 31 और टेवलीन ईमाच 14 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। विंडीज की टीम अभी भी 378 रन से पीछे चल रही है।

मेहमान टीम की पहली पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही। जॉन कैम्पेल सिर्फ 10 रन बनाकर रवींद्र जडेजा के शिकार बने। उन्हें साई सुदर्शन ने कैच किया। हालांकि इसके बाद तेजनारायण चंद्रपॉल और एलिक अथानाज ने टीम 66 रनों की साझेदारी करके टीम को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश की। लेकिन जडेजा ने एक बार फिर वेस्टइंडीज को आघात पहुंचाया। उन्होंने चंद्रपॉल (34) को आउट करके इस पार्टनरशिप का अंत किया।

इसके बाद कुलदीप यादव की बारी थी, जिन्होंने अथानाज (41) को अपना शिकार बनाकर मेहमान टीम को तीसरा झटका दिया। कप्तान रोस्टन चेज (0 रन) खाता खोलने से पहले ही जडेजा के तीसरे शिकार बने। शाई होप और टेवलीन ईमाच ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। वेस्टइंडीज की पहली पारी में अब तक गिरे चार विकेटों में तीन रवीन्द्र जडेजा ने और एक कुलदीप यादव ने लिया। इस विकेट पर जो थोड़ी बहुत मदद मिल रही है वह स्पिनर को ही मिल रही है।

इससे पहले भारतीय टीम कप्तान शुभमन गिल ने 129 रन और यशस्वी जायसवाल ने 175 रनों की पारी खेली। हालांकि दूसरे दिन यशस्वी जायसवाल के दोहरा शतक पूरा करने की उम्मीद थी लेकिन विकेट के बीच रन लेने में तालमेल में हुई चूक से यशस्वी पहले दिन के स्कोर में सिर्फ 3 रन और जोड़कर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन-आउट हो गए। यशस्वी ने 22 चौके की मदद से 258 गेंदों पर 175 रन बनाए। यशस्वी के आउट होने के बाद शुभमन गिल और नीतीश कुमार रेड्डी ने तेजी से रन बनाए. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप के दौरान शुभमन ने 95 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। उधर नीतीश 43 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश ने 54 गेंदों की पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए।

नीतीश कुमार रेड्डी के आउट होने के बाद शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल के बीच पांचवें विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान शुभमन ने अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक पूरा किया। शुभमन ने 196 गेंदों पर नाबाद 129 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और दो छक्के शामिल रहे। ध्रुव जुरेल ने 44 रनों का योगदान दिया। जुरेल के आउट होते ही कप्तान शुभमन ने पारी घोषित करने का निर्णय लिया।

रन आउट तो खेल का हिस्सा है : यशस्वी
दिल्ली टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद यशस्वी जायसवाल ने ब्रॉडकास्टर को दिए बयान में रन आउट को लेकर पूछे गए सवाल पूछा पर कहा कि यह तो खेल का हिस्सा है, इसलिए इसको लेकर मैं अधिक नहीं सोच रहा। मैं बस कोशिश करता हूं कि खेल में बना रहूं और सुनिश्चित करूं कि अगर मैं अंदर हूं, तो इसे लंबा खींचूं। विकेट अभी भी काफी अच्छा है, हम बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, हम देखेंगे कि जितनी जल्दी हो सके वेस्टइंडीज की पहली पारी को समेटे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here