लगातार दूसरे उलटफेर के साथ सुनील एकल फाइनल में, युगल फाइनल में भी बनाई जगह

0
18

लखनऊ। हरियाणा के सुनील कुमार ने शानदार लय बरकरार रखते हुए प्रथम स्वर्गीय डॉ केएसएम यूनुस आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में लगातार दूसरा उलटफेर करते हुए एकल के फाइनल में जगह बना ली।

प्रथम स्वर्गीय डॉ केएसएम यूनुस आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

क्वालीफायर के रूप में शुरुआत करने वाले सुनील ने न सिर्फ एकल में दमदार प्रदर्शन किया, बल्कि उत्तर प्रदेश के एकलव्य सिंह के साथ जोड़ी बनाकर खेलते हुए युगल के फाइनल में भी प्रवेश कर दोहरे खिताब के लिए दावेदारी पेश कर दी।

इरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रायोजित टूर्नामेंट का आयोजन उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।

एकल के पहले सेमीफाइनल में क्वालीफायर सुनील कुमार ने चौथी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन को कड़ी टक्कर देते हुए 7-5, 6-1 से पराजित किया।

पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ जिसमें सुनील ने निर्णायक मौकों पर बेहतर सर्विस के दम पर बढ़त बनाई। दूसरे सेट में उन्होंने पूरी तरह दबदबा बनाते हुए जीत हासिल की। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में भी सुनील ने शीर्ष वरीय महाराष्ट्र के अथर्व शर्मा को हराकर तहलका मचाया था।

दूसरे सेमीफाइनल में दूसरी वरीय दिल्ली के सार्थक सूदन ने राजस्थान के अमित को 6-2, 7-5 से हराया। पहले सेट में सार्थक ने आक्रामक खेल दिखाते हुए आसानी से बढ़त बनाई, जबकि दूसरे सेट में अमित ने वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्णायक क्षणों में सार्थक ने संयम का परिचय देते हुए हुए जीत दर्ज की। अब खिताबी मुकाबले में उनकी टक्कर हरियाणा के सुनील कुमार से होगी।

युगल वर्ग में भी सुनील कुमार ने शानदार खेल दिखाया। इस वर्ग के सेमीफाइनल में सुनील कुमार व एकलव्य सिंह ने ध्रुव घंघास व हर्ष मलिक की जोड़ी को 7-5, 6-2 से हराया।

पहले सेट में कड़ी चुनौती के बाद इस जोड़ी ने दूसरे सेट में बेहतर तालमेल की बदौलत जीत अपने नाम की। दूसरे युगल सेमीफाइनल में अथर्व शर्मा व अनूप महादेव की जोड़ी ने वंश बिष्ट व मुकिल रामानन को 6-3, 6-4 से पराजित करते हुए फाइनल में जगह बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here