सुनील कुमार का बड़ा उलटफेर, शीर्ष वरीय अथर्व को किया बाहर, सेमीफाइनल लाइनअप तय

0
35

लखनऊ। क्वालीफायर हरियाणा के सुनील कुमार ने प्रथम स्वर्गीय डॉ केएसएम यूनुस आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में शीर्ष वरीय महाराष्ट्र के अथर्व शर्मा के खिलाफ उलटफेर भरी जीत के साथ एकल सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के एकलव्य सिंह व अंशुमान सिंह हार के साथ बाहर हो गए।

प्रथम स्वर्गीय डॉ केएसएम यूनुस आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

इरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रायोजित टूर्नामेंट का आयोजन उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।

बुधवार को मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। एकल क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीय दिल्ली के सार्थक सूदन ने उत्तर प्रदेश के एकलव्य सिंह को 6-3, 1-6, 6-0 से हराया। सार्थक ने पहले सेट में मजबूत सर्विस और बेहतरीन शॉट का नजारा पेश किया।

दूसरे सेट में एकलव्य ने तेज सर्विस और सटीक शॉट खेलते हुए मैच में बराबरी हासिल की। तीसरे व निर्णायक सेट में सार्थक ने आक्रामक रिटर्न और प्रतिद्वंद्वी को छकाते हुए जीत के साथ मैच अपने नाम करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई।

दूसरी ओर चौथी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन ने पांचवीं वरीय उत्तर प्रदेश के अंशुमान सिंह के खिलाफ पहले सेट में टाईब्रेक में 7-6(5) से बढ़त बनाई। दूसरे सेट में जब मुकिल 3-0 से आगे थे तभी अंशुमान ने मैच छोड़ दिया जिससे मुकिल को सेमीफाइनल का टिकट मिला।

आज हरियाणा के क्वालीफायर सुनील कुमार ने तगड़ा उलटफेर किया। सुनील ने शीर्ष वरीय महाराष्ट्र के अथर्व शर्मा को टाईब्रेक तक खिंचे रोमांचक मुकाबले में 1-6, 7-6 (4), 6-3 से हराकर सबको चौंका दिया। पहले सेट में अथर्व ने तेजतर्रार खेल से बढ़त बनाई।

दूसरे सेट में सुनील ने टाईब्रेक के दबाव से उतरते हुए जीत हासिल की। निर्णायक तीसरे सेट में सुनील ने धैर्य दिखाते हुए महत्वपूर्ण अंक जुटाते हुए मैच में बाजी पलट दी। वहीं क्वालीफायर राजस्थान के अमित ने हरियाणा के हर्ष मलिक को 6-4, 6-4 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

युगल में रोमांचक मुकाबले, कई जोड़ियों ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

युगल क्वार्टर फाइनल में अथर्व शर्मा व अनूप महादेव की जोड़ी ने सार्थक सूदन व अमृत को सुपर टाईब्रेक में 4-6, 7-5, 10-6 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं वंश बिष्ट व मुकिल रामानन ने राजेश्वर व पांशुल ओबोवेजा को 6-2, 6-3 से शिकस्त दी।

इसी के साथ ध्रुव घंघास व हर्ष मलिक ने अरुण कुमार कौशिक व यशार्थ चड्ढा को 6-3, 6-4 से हराया जबकि सुनील कुमार व एकलव्य सिंह ने चिन्मय देव चौहान व अंशुमान सिंह को 6-0, 6-3 से शिकस्त देते हुए अंतिम चार में जगह बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here