लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भव्य ओपनिंग कॉन्सर्ट के साथ होगा।
इन्फ्लूएंसर्स मीट में लीग के डिजिटल प्रमोशन का तैयार हुआ रोडमैप
मशहूर गायक शंकर महादेवन, प्रसिद्ध गायिका जैस्मीन सैंडलास तथा शंकर महादेवन के पुत्र सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उद्घाटन समारोह को यादगार बनाएंगे।

इसी भव्य आयोजन और लीग के व्यापक प्रचार-प्रसार को नई गति देने के उद्देश्य से इकाना स्टेडियम में इन्फ्लूएंसर मीट का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और ऑनलाइन मीडिया से जुड़े 100 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान लीग की तैयारियों, प्रचार अभियान तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि आज के दौर में खेलों के प्रचार-प्रसार में डिजिटल प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग का उद्देश्य केवल प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच देना ही नहीं, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों को एक नया और रोमांचक अनुभव भी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने विश्वास जताया कि डिजिटल क्रिएटर्स के सहयोग से लीग की लोकप्रियता और व्यापक होगी तथा यह युवाओं तक और प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इन्फ्लूएंसर्स की सक्रिय भागीदारी के चलते इस बार यूपी टी-20 लीग को एक तरह से ‘इन्फ्लूएंसर्स लीग’ भी कहा जा सकता है।
इन्फ्लूएंसर्स के लिए लखनऊ व कानपुर में होगी लीग, प्रथम तीन स्थान को आकर्षक नकद पुरस्कार
इस बार पूरे यूपी के इन्फ्लूएंसर्स को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में उनके लिए अलग-अलग आयोजन किए जाएंगे। दोनों ही जगह विजेता के लिए दो लाख और उपविजेता के लिए डेढ़ लाख और तीसरा स्थान पाने वाले इन्फ्लूएंसर को एक लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
आयोजन स्थलों पर इन्फ्लूएंसर्स के लिए विशेष इन्फ्लूएंसर जोन बनाया जाएगा। इतना ही नहीं, लीग के मैचों के दौरान सोशल मीडिया पर प्रतिदिन की सर्वश्रेष्ठ पोस्ट को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
उद्घाटन समारोह इस बार पहले से कहीं अधिक होगा भव्य
डॉ. कपूर ने बताया कि उद्घाटन समारोह इस बार पहले से कहीं अधिक भव्य होगा। मशहूर गायक शंकर महादेवन अपने लोकप्रिय बॉलीवुड और देशभक्ति गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, जबकि प्रसिद्ध गायिका जैस्मीन सैंडलास भी अपनी प्रस्तुति देंगी।
इस दौरान सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन भी मंच साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में शंकर महादेवन की प्रस्तुति काफी समय बाद देखने को मिलेगी, जिससे खेल प्रेमियों का उत्साह और बढ़ेगा।
लेजर व ड्रोन शो का आकर्षण बढ़ाएगा लाइव नैरेशन
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह का एक और प्रमुख आकर्षण लेजर शो, भव्य ड्रोन शो और उसके माध्यम से प्रस्तुत किया जाने वाला लाइव नैरेशन होगा, जो दर्शकों को एक नया और अनूठा अनुभव देगा।
डॉ. कपूर ने कहा कि इस बार पहली बार यूपी टी-20 लीग के मुकाबले लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में खेले जाएंगे, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों को लीग का रोमांच स्टेडियम में देखने का अवसर मिलेगा।
आयोजन स्थल पर फूड कार्निवाल का आयोजन भी
उन्होंने बताया कि दर्शकों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर फूड कार्निवाल का भी आयोजन किया जाएगा, जहां खेल प्रेमी विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे।
अंत में यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लीग की थीम है खिलाड़ी यहां बनता है, लेकिन इस सीजन-4 में पहली बार क्रिकेट कंटेट यहां बनेगा और क्रिकेट इन्फ्लूएंसर्स की एक टीम भी तैयार होगी।










