अमेरिका ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में पराग्वे को 4-1 से धो सबको चौंका दिया। सोफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में डेमियन बोबाडिला के आत्मघाती गोल और फोलारिन बालोगुन के दो गोल ने अमेरिका को मजबूत बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में पराग्वे ने एक गोल लौटाया, लेकिन जियो रेयना के स्टॉपेज टाइम गोल ने जीत पर मुहर लगा दी। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान अमेरिका ने अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की. कैलिफोर्निया के इंगलवुड स्थित सोफी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-डी मुकाबले में अमेरिका ने पराग्वे को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी का मजबूत संदेश दिया।
1994 के बाद पहली बार घरेलू सरजमीं पर वर्ल्ड कप मैच खेल रही अमेरिकी टीम शुरुआत से ही आक्रामक नजर आई। मैच के शुरुआती चरण में ही पराग्वे के डेमियन बोबाडिला के आत्मघाती गोल ने अमेरिका को बढ़त दिला दी और यहीं से मुकाबले की दिशा तय हो गई। इसके बाद फोलारिन बालोगुन ने अपने शानदार प्रदर्शन से मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। 31वें मिनट में क्रिस्टियन पुलिसिक ने बेहतरीन थ्रू बॉल खेली, जिस पर बालोगुन ने पहला गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इससे पहले उनका एक गोल ऑफसाइड के कारण रद्द भी हो चुका था।
पहले हाफ के इंजरी टाइम में बालोगुन ने मैच का सबसे खूबसूरत गोल किया. मलिक टिलमैन के पास को हासिल करने के बाद उन्होंने दो डिफेंडरों को छकाया और शानदार कर्लिंग शॉट के जरिए गेंद को टॉप कॉर्नर में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ अमेरिका ने हाफ टाइम तक 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली।
दूसरे हाफ में पराग्वे ने वापसी की कोशिश की। 73वें मिनट में जूलियो एन्सिसो ने ढीली गेंद पर तेजी दिखाते हुए मौरिसियो को पास दिया, जिन्होंने गोलकीपर मैट फ्रीज को छकाते हुए टीम का पहला गोल दागा। हालांकि यह गोल केवल अंतर कम करने तक ही सीमित रहा। अमेरिका ने पूरे मैच में नियंत्रण बनाए रखा. सब्स्टीट्यूट रिकार्डो पेपी के पास भी गोल करने का मौका था, लेकिन पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने शानदार बचाव किया।
मैच के स्टॉपेज टाइम में जियो रेयना ने शानदार अंदाज में मुकाबले का चौथा गोल दागा. तेज काउंटर अटैक के बाद रेयना ने बाहरी पैर से ऐसा शॉट लगाया जिसे गिल रोक नहीं सके। इस गोल ने अमेरिकी प्रशंसकों की खुशी को और बढ़ा दिया।
यह मुकाबला डिफेंडर क्रिस रिचर्ड्स की वापसी के लिए भी यादगार रहा। क्रिस्टल पैलेस के लिए खेलते समय लगी टखने की चोट के कारण वह अमेरिका के आखिरी वॉर्म-अप मैचों से बाहर रहे थे। वहीं गोलकीपर मैट फ्रीज को मैट टर्नर पर प्राथमिकता दी गई, जिन्होंने 2022 वर्ल्ड कप में अमेरिका के सभी मैच खेले थे।










