कानपुर। ‘द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच)’ के ईडब्ल्यूएस बैच के खिलाड़ियों ने बरेली में आयोजित हुई इंटर डिस्ट्रिक्ट जूडो लीग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता 25 एवं 26 मई 2026 को विनायक इंटरनेशनल स्कूल, फरीदपुर बरेली में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
टीएसएच के ईडब्ल्यूएस बैच की खिलाड़ियों ने मैट पर दिखाया दम
प्रतियोगिता में अंडर-10 वर्ग में टीएचएच के उन्नति तिवारी ने स्वर्ण तथा उन्नति साहू ने रजत पदक जीता। अंडर-12 वर्ग में आस्था ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-30 वर्ग में अविका ने स्वर्ण और प्रतुषी ने रजत पदक जीता। अंडर-36 वर्ग में प्रियंका ने स्वर्ण तथा अनुभवी गौर ने रजत पदक अपने नाम किया।

वहीं अंडर-40 वर्ग में अवनि ने स्वर्ण और श्रद्धा ने रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इन खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय टीएसएच में दिए जा रहे व्यवस्थित एवं प्रोफेशनल प्रशिक्षण को जाता है।
कोच सूरज बी. थापा के मार्गदर्शन में खिलाड़ी तकनीकी दक्षता, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर लगातार मेहनत कर रहे हैं। टीएसएच द्वारा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।










