लखनऊ। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 24 जुलाई को आगरा में होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी से पहले लीग की सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों ने अपने-अपने सपोर्ट स्टाफ (कोचिंग एवं मैनेजमेंट स्टाफ) की घोषणा कर दी है।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि टीमों ने मुख्य कोच, बल्लेबाजी व गेंदबाजी कोच, फील्डिंग कोच, फिजियोथेरेपिस्ट, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग (एसएंडसी) कोच, वीडियो विश्लेषक और टीम मैनेजर जैसे अहम पदों पर अनुभवी विशेषज्ञों को जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने आगे कहा कि लीग का चौथा सत्र 14 अगस्त से शुरू होगा। पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन दो शहरों-लखनऊ और कानपुर-में किया जाएगा। उनका कहना है कि अनुभवी सपोर्ट स्टाफ के मार्गदर्शन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपने खेल को और निखारने का अवसर मिलेगा तथा लीग का स्तर भी और ऊंचा होगा।
इस बार लखनऊ फाल्कंस में आशीष जैदी गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे, जबकि उमंग शर्मा टीम मैनेजर एवं बल्लेबाजी कोच होंगे। इसके अलावा सौरभ दुबे फील्डिंग कोच, डॉ. विजय मलिक फिजियो, सूर्य प्रताप यादव एसएंडसी कोच, प्रदीप कुमार मसाजर और विश्वजीत सिंह साइडआर्म विशेषज्ञ नियुक्त किए गए हैं।
लीग में पिछले संस्करण की विजेता काशी रुद्रास ने ध्रुव सिंह को मुख्य कोच कोच बनाया है, जबकि उबैद कमाल बल्लेबाजी/गेंदबाजी कोच और जावेद अनवर फील्डिंग कोच की भूमिका निभाएंगे। टीम मैनेजर हिमाचल मिश्रा, फिजियो रसेल पिंटो, एसएंडसी कोच एस. सतीश कुमार, वीडियो विश्लेषक वीबीबी सुब्बाराव, मसाजर सादिक शेख तथा साइडआर्म विशेषज्ञ दीपेश शर्मा और आकाश शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौर गोरखपुर लायंस ने पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर अंकित सिंह राजपूत को मुख्य कोच एवं गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। उनके साथ बल्लेबाजी कोच के रूप में मुमताज कादिर, फील्डिंग कोच मनु कुमार, टीम मैनेजर विनीत कुमार, फिजियो डॉ. श्रीरंगा करणम, एसएंडसी कोच इसरार अजीम खान, वीडियो एनालिस्ट पीयूष कुमार रघुवंशी, मसाजर दीपक शर्मा तथा साइडआर्म विशेषज्ञ परविंदर कुमार टीम से जुड़े हैं।
कानपुर सुपरस्टार्स ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पांडेय को टीम मेंटर एवं निदेशक बनाया है। हालांकि मुख्य कोच तथा बल्लेबाजी/गेंदबाजी कोच के नामों की घोषणा अभी नहीं की गई है। फील्डिंग कोच अभिनव दीक्षित, टीम मैनेजर देवांश तिवारी, फिजियो कपिल शर्मा, एसएंडसी कोच ललितेंद्र सिंह, वीडियो एनालिस्ट तारिख खान, मसाजर रवि कांत और साइडआर्म विशेषज्ञ तुर्वश यादव टीम का हिस्सा होंगे।
पिछले संस्करण की उपविजेता मेरठ मावेरिक्स ने अरविंद कपूर को मेंटर तथा उत्कर्ष चंद्र को मुख्य कोच बनाया है। बल्लेबाजी कोच मार्क बॉट, गेंदबाजी एवं फील्डिंग कोच *नवीन चौधरी, फिजियो जीशान रईस, वीडियो एनालिस्ट सुधीर सिंह, मसाजर कैसर अली और ट्रेनर विशाल टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल हैं। टीम मैनेजर के नाम की घोषणा अभी बाकी है।
वहीं नोएडा किंग्स ने बल्लेबाजी कोच मोहम्मद आमिर, गेंदबाजी कोच कपिल पांडेय, टीम मैनेजर विनय कुमार, वीडियो विश्लेषक अंकित जांग्हू तथा साइडआर्म विशेषज्ञ बलराम पासवान की नियुक्ति की है। गौरतलब है कि लखनऊ फाल्कंस के गेंदबाजी कोच आशीष जैदी तथा मेरठ मावेरिक्स के मुख्य कोच उत्कर्ष चंद्र की नियुक्तियां गवर्निंग काउंसिल के नियमों के अनुपालन के अधीन रहेंगी।










