कानपुर। टीएसएच सिग्नेचर लॉन टेनिस डे प्रतियोगिता 2026 में पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
स्पर्धा के पहले सेमीफाइनल में विमन्यु अग्रवाल ने अभिनव भाटिया को 4-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में नितिन जश्नानी ने नितेश कुमार सिंह को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। पुरुष एकल स्पर्धा की खिताबी भिड़ंत विमन्यु अग्रवाल और नितिन जश्नानी के बीच होगी।
टीएसएच सिग्नेचर लॉन टेनिस डे प्रतियोगिता
द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) के टेनिस कोर्ट पर खेले गए पुरुष युगल मुकाबलों में भी जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल में विशाल खन्ना और गौतम खेमका की जोड़ी ने डॉ. डी.के. जयपुरिया और अजय गुप्ता की जोड़ी को 4-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ऋषभ गोयल और शिवम की जोड़ी ने नितीश कुमार सिंह और त्रिनभ चोपड़ा को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब पुरुष युगल का फाइनल मुकाबला विशाल खन्ना-गौतम खेमका और ऋषभ गोयल-शिवम के बीच खेला जाएगा।
विशाल -गौतम और ऋषभ -शिवम की जोड़ी के बीच पुरुष युगल की खिताबी भिड़ंत
45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुष युगल में भी अनुभवी खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल में डॉ. डी.के. जयपुरिया और अजय गुप्ता ने अमित गौड़ और डॉ. अंबरीश गुप्ता को 4-0 से हराया।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में विशाल खन्ना और गौतम खेमका की जोड़ी ने धीरज भाटिया और गौरव दुबे को 4-0 से पराजित किया। अब इस वर्ग का फाइनल मुकाबला डॉ. डी.के. जयपुरिया-अजय गुप्ता और विशाल खन्ना-गौतम खेमका के बीच खेला जाएगा, जिसमें कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
इधर, अंडर-14 आयु वर्ग में भी युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। पहले सेमीफाइनल में अनाया सेन ने राशिवी को 4-0 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में हरजस कालसी ने त्रिनभ चोपड़ा को 4-2 से मात दी।
अब इस वर्ग का फाइनल मुकाबला अनाया सेन और हरजस कालसी के बीच खेला जाएगा। इसके पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन एमएचपीएल के एमडी पीयूष अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि किया।








