कानपुर। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) के टेनिस कोर्ट पर हुई टीएसएच सिग्नेचर लॉन टेनिस डे टूर्नामेंट 2026 का समापन शानदार मुकाबलों के साथ हुआ।
टीएसएच सिग्नेचर लॉन टेनिस डे टूर्नामेंट
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण मेंस सिंगल्स फाइनल रहा, जिसमें विमन्यु अग्रवाल ने नितिन जशनानी को 6-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे मैच में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन निर्णायक क्षणों में विमन्यु ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबलों में विमन्यु अग्रवाल ने अभिनव भाटिया को 4-2 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में नितिन जशनानी ने नितेश कुमार सिंह को 4-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। प्रतियोगिता में अभिनव भाटिया और नितेश कुमार सिंह संयुक्त रूप से दूसरे उपविजेता रहे।

मेंस डबल्स में ऋषभ गोयल और शिवम की जोड़ी ने रोमांचक फाइनल में गौतम खेमका और विशाल खन्ना को 8-6 (टाईब्रेकर) से हराकर खिताब जीता।
वहीं विमन्यु अग्रवाल-नितिन जशनानी और दक्ष खंडेलवाल-हरजस कलसी की जोड़ियां दूसरे उपविजेता रहीं। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के डबल्स में गौतम खेमका और विशाल खन्ना ने फाइनल में अजय गुप्ता और डॉ. डी.के. जैपुरिया को 6-3 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-14 गर्ल्स सिंगल्स के फाइनल में अनाया सेन ने हरजस कलसी को 6-1 से हराकर खिताब जीता। वहीं अंडर-10 टैलेंट हंट में अहाना सेन ने 140 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
शिवाय बाजपेयी, आरुष गुप्ता और वेदिया गुप्ता ने 130-130 अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि माहिर सैगल 125 अंकों के साथ दूसरे उपविजेता रहे। अन्य प्रतिभागियों में शांतव भारतीया ने 120 अंक, युविर भाटिया ने 110 अंक और शायरा सेठ ने 35 अंक प्राप्त किए। मुख्य अतिथि अजय गुप्ता ने सभी विजेताओं को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।








